Darbhanga News: चंद मिनट की धूप के बाद और अधिक बढ़ गयी कनकनी

Darbhanga News:शीतलहर का कहर लगातार तीसरे दिन जारी रहा.

Darbhanga News: दरभंगा. शीतलहर का कहर लगातार तीसरे दिन जारी रहा. वैसे तो कहने के लिए दोपहर बाद करीब दो बजे आसमान में सूरज चमका, लेकिन चंद पल के बाद ही बादलों ने उसे ढक लिया. गुनगुनी धूप का लोग आनंद नहीं ले सके, कारण चल रही सर्द पछुआ पर धूप निकलने का कोई असर नहीं महसूस हो रहा था. उल्लेखनीय है कि गत 19 दिसंबर से अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है. शुक्रवार व शनिवार को एक क्षण के लिए भी सूर्य दर्शन नहीं हो सका. धुंध पूरे दिन छाया रहा. सांय-सांय बहती सर्द पछुआ कंपकंपी छुड़ाती रही. इसे देखते हुए शनिवार से सोमवार तक के लिए जिला के पहली से आठवीं कक्षा के बच्चों का शिक्षण कार्य प्रशासनिक स्तर से स्थगित कर दिया गया है. मौसम के इस बदलाव से आम से लेकर खास तो परेशान हैं ही, बेजुबान जानवर भी हलकान दिख रहे हैं. प्रशासनिक स्तर से चौक-चौराहों पर जल रहे अलाव तथा दुकानदारों के स्तर से किये गये अलाव के प्रबंध से जहां एक ओर राहगीरों को राहत मिल गयी है, वहीं बेजूबान जानवर भी इसके सहारे ठंड से बचाव की कोशिश करते दिख रहे हैं. अलाव के इर्द-गिर्द जानवरों का झुंड नजर आ रहा है. बता दें कि रविवार को भी तापमान का पारा काफी नीचे रहा. राजेंद्र कृषि केंद्रीय विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक औसत उच्चतम तापमान शनिवार की तुलना में एक डिग्री अधिक 16 डिग्री दर्ज किया गया, परंतु यह भी सामान्य से 6.4 डिग्री कम ही रहा. न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा. बता दें कि न्यूनतम तापमान अधिक रहने से कनकनी में अधिक इजाफा होता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >