Jale News: मुख्यमंत्री के अभियान बसेरा-दो के तहत अंचल कार्यालय की ओर से राढ़ी पश्चिमी पंचायत के लालपुर मौजा में आठ भूमिहीन दलित एवं महादलित परिवारों के बीच बंदोबस्ती पर्चा वितरित किया गया. अंचलाधिकारी (सीओ) मधुमिता एवं राजस्व अधिकारी (आरओ) प्रवीण कुमार कर्ण ने लाभुकों को दखल-कब्जे के अनुरूप बंदोबस्ती पर्चा सौंपा.
भूमिहीन परिवारों को मिलेगा वैधानिक अधिकार
इस अवसर पर सीओ मधुमिता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को भूमि का वैधानिक अधिकार प्रदान कर उन्हें स्थायी आवास और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि अभियान बसेरा-दो के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को भूमि का स्वामित्व दिलाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है.
आठ लाभुकों को मिला बंदोबस्ती पर्चा
बंदोबस्ती पर्चा प्राप्त करने वालों में सरिता देवी, सीता देवी, शोभा देवी, रानी देवी, चंद्रकला देवी, ललिया देवी, रेशमी देवी और जयकला देवी शामिल हैं. पर्चा मिलने के बाद सभी लाभुकों ने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से भूमि के अधिकार की प्रतीक्षा थी, जो अब पूरी हो गई.
स्थायी आवास के सपने को मिलेगी नई दिशा
अधिकारियों ने बताया कि अभियान बसेरा-दो के तहत भूमिहीन परिवारों को भूमि का वैधानिक स्वामित्व उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके स्थायी आवास का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हो रही है.
