Darbhanga News: विधानसभा चुनाव में छोटी-बड़ी 4860 गाड़ियों की जरूरत

Darbhanga News:विधानसभा चुनाव कार्य संपन्न कराने के लिए 10 प्रतिशत रिजर्व सहित छोटी-बड़ी 4860 गाड़ियों की जरूरत है.

Darbhanga News: दरभंगा. विधानसभा चुनाव कार्य संपन्न कराने के लिए 10 प्रतिशत रिजर्व सहित छोटी-बड़ी 4860 गाड़ियों की जरूरत है. इसे लेकर परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों को नोटिस भेजकर हरहाल में 25 अक्तूबर तक वाहन कोषांग को अपनी गाड़ी हस्तगत कराने का आदेश दिया है. वाहन जमा नहीं करने वाले वाहन मालिकों पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइड लाइन के अनुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी है. जिला परिवहन कोषांग की ओर से वाहनों के उपयोग के एवज में निर्धारित किराया मालिक को दिया जायेगा. साथ ही वाहन में ईंधन भी वाहन कोषांग की ओर से दिया जायेगा. सुबह में अधिग्रहण होने वाले वाहनों को पूरे दिन का व शाम में जब्त किये वाहनों को आधे दिन का मुआवजा निर्धारित दर पर दिया जायेगा.

राज्य परिवहन विभाग ने विधानसभा चुनाव के दौरान उपयोग होने वाली गाड़ियों का किराया तय कर दिया है. इसमें बस, कार, थ्री व्हीलर, बाइक सहित 22 तरह की गाड़ियां शामिल हैं. परिवहन विभाग के अनुसार वाहनों की दर दैनिक आधार पर तय की गयी है. चुनाव कार्य के लिए जब्त किए जाने वाले वाहनों का उपयोग अन्य जिला के लिए होता है तो वाहन मालिकों को उसकी राशि अलग से दी जाएगी. तीन व चार चक्का वाहन चालक को तीन सौ रुपये तथा छह चक्का या इससे अधिक चक्कों के वाहन चालक व उपचालक को तीन-तीन सौ रुपये प्रतिदिन खुराकी मिलेगी.

अधिकतम तीन दिनों के लिए होगा स्कूली बसों का अधिग्रहण

राज्य परिवहन विभाग से जारी पत्र के अनुसार विधानसभा चुनाव में स्कूली बसों का अधिग्रहण अधिकतम तीन दिनों के लिए होगा, ताकि शैक्षणिक कार्य बाधित नहीं हो. इन वाहन का उपयोग अन्य जिला के लिए नहीं होगा.

10 श्रेणियों के लिए अधिकृत होंगे वाहन

ये वाहन 10 श्रेणियों के लिए अधिकृत होंगे. इसमें पोलिंग पार्टी, इवीएम, सेक्टर अधिकारी, फ्लाइंग स्क्वायर्ड, पुलिस, केंद्रीय बल, ऑब्जर्वर, माइक्रो आब्जर्वर, जोनल दल व अन्य कार्य के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के लिए उपयोग में लाये जायेंगे. विधानसभा चुनाव में पिकअप का सर्वाधिक उपयोग होगा. इसमें 1800 छोटे व 1380 बड़े पिकअप की जरूरत पड़ेगी. इसके अलावा बस, मैक्सी, सिटी राइडर, ट्रैवलर, बोलेरो, स्कॉर्पियो, इनोवा जैसी गाड़ियों की भी जरूरत पड़ेगी.

ईंधन के अतिरिक्त वाहनों का दैनिक किराया

50 से अधिक यात्री क्षमता वाली बसों का किराया प्रतिदिन 35 सौ रुपए तय किये गये हैं. वहीं 40 से 49 सीटर वाली बसों का किराया 32 सौ, 23 से 39 सीटर वाली मिनी बस का 25 सौ, 14 से 22 सीटर वाली मैक्स, टेंपो, ट्रेवलर, सिटी राइडर का किराया दो हजार, छोटी कार का एक हजार, एसी कार का 11 सौ, ट्रैकर, जीप, कमांडर, जिप्सी व समकक्षीय वाहनों का एक हजार, बोलेरो, सुमो, मार्शल का 12 सौ, जाइलो, बोलेरो, सुमो, मार्शल एसी होने पर 15 सौ, एसी स्कॉर्पियो, क्वालिस, तवेरा का 19 सौ, इनोवा व सफारी एसी का 21 सौ, विक्रम, मैजिक, एस मैजिक, मिनी डोर ,ओमनी, फोर्स, मेटाडोर व समकक्षीय वाहन का नौ सौ, ऑटो, इ-रिक्शा का सात सौ, मोटरसाइकिल का 350 रुपये प्रति दिन का किराया तय किया गया है. इसके अलावा भारी मालवाहक में छह चक्का वाहन का 25 सौ, डंपर का तीन हजार एवं 10 चक्का से अधिक वाले मालवाहकों का किराया 32 सौ रुपये रोजाना तय किया गया है.

कहते हैं अधिकारी

विधानसभा चुनाव की अधिसूचना लागू होते ही वाहनों का अधिग्रहण शुरू कर दिया गया है. जरूरत के अनुसार वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है.

– रवि कुमार आर्य, जिला परिवहन पदाधिकारी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >