Darbhanga News: राष्ट्रीय लोक अदालत में पक्षकारों के बीच आपसी सहमति के आधार पर 3367 मामलों का हुआ निष्पादन

Darbhanga News: कुल चार करोड़ 98 लाख 66 हजार 749 रुपये का समझौता हुआ.

Darbhanga News: दरभंगा. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में दरभंगा व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 3367 मामले का निष्पादन पक्षकारों के बीच आपसी सहमति के आधार पर किया गया. कुल चार करोड़ 98 लाख 66 हजार 749 रुपये का समझौता हुआ. मामलों के निष्पादन के लिए 10 खंडपीठ का गठन किया था. प्रधान जिला जज शिव गोपाल मिश्र लोक अदालत का लगातार जायजा लेते रहे. नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज शिव गोपाल मिश्र, डीएम कौशल कुमार, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक, महासचिव कृष्ण कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया.

अपने मामलों को समाप्त करा कर ही वापस लौटें- प्रधान जिला जज

जिला जज ने कहा कि लोक अदालत के सफल होने के लिए वादकारी के साथ साथ अधिवक्ताओं की भी बड़ी भूमिका होती है. हमारा लक्ष्य है कि जनता के दुख व तकलीफ को अधिक से अधिक मिटाएं. वादकारियों से कहा कि वे यहां से अपने मामलों को समाप्त कराकर ही लौटें.

लोक अदालत मामलों के निष्पादन के लिए एक अच्छा प्लेटफार्म- डीएम

डीएम कौशल कुमार ने कहा कि लोक अदालत मामलों के निष्पादन के लिए एक अच्छा प्लेटफार्म है. इसमें पक्षकार विवाद को समाप्त करा सकते हैं. न्यायालय में जो वाद चलता है, उसके निष्पादन में समय के साथ साथ आर्थिक खर्च भी होता है. लोक अदालत का फैसला अंतिम होता है. इसकी कहीं अपील नहीं होती है. लोक अदालत में किसी भी पक्ष की हार या जीत नहीं होती है. इसका लाभ लें. बैंक के अधिकारियों से कहा कि वे लोन की राशि के प्रति उदार रहें. लोगों के अधिक से अधिक मामलों को निष्पादित करें, ताकि न्यायालय में लंबित मामलों में कमी आए.

लोक अदालत के माध्यम से मामलों का आसानी से निष्पादन- एसएसपी

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों का आसानी से निष्पादन होता है. लोगों से कहा कि वे इसका अधिक से अधिक लाभ लें. बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक ने कहा कि लोक अदालत में आपसी मतभेद को भुलाकर मुकदमा में सुलह शिक्षित समाज का परिचायक है. एसोसिएशन के महासचिव कृष्णा कुमार मिश्र ने कहा कि मानव जीवन में स्नेह, प्रेम, भाइचारा का निर्माण कराने का सुंदर स्थल लोक अदालत है. कार्यक्रम का संचालन डीएलएसए की सचिव आरती कुमारी ने किया.

मामलों के निष्पादन के लिए बेंचों का किया गया था गठन

मामलों के निष्पादन के लिए गठित बेंच में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव गोपाल मिश्र, उत्पाद अधिनियम के विशेष न्यायाधीश श्रीराम झा, रवि शंकर कुमार, सिविल जज सीनियर डिवीजन प्रथम डॉ पुष्पम किशोर, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जुनैद आलम, राजीव रंजन, आशुतोष रवि, प्रिया कुमारी, सुधांशु रंजन सिंह, अर्चिता सिन्हा, रानी चौधरी शामिल थे. साथ ही अधिवक्ता संजीव कुमार, युगल किशोर मिश्र,

गूंजेश कुमार, मो. इरशाद, राखी कुमारी, मनीष कुमार, कुमार गौतम, आशुतोष कुमार, निर्मला कुमारी व आशुतोष कुमार झा को भी शामिल किया गया था. मौके पर न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्तागण, न्यायालय कर्मी एवं पक्षकारगण मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >