मेकना बेदा पंचायत के मुखिया हैं मो. कलाम
दरभंगा : युवा राजद के जिलाध्यक्ष सह मेकना बेदा पंचायत के मुखिया मो. कलाम अपने एक साथी हरीश सिंह राजपूत के साथ नशापान कर हंगामा करते पकड़े गये हैं. गुरुवार की देर रात दोनों को मब्बी ओपी क्षेत्र के बाजार समिति फोरलेन चौक से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार नशा में चौक पर राहगीर के साथ कलाम व उसका साथी मारपीट कर रहा था. इसी दौरान गश्ती पुलिस वहां पहुंच गयी.
दोनों पुलिस से भी उलझ गये. काफी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर दोनों को जांच के लिए डीएमसीएच ले जाया गया. सिटी एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि जांच में कलाम व उसके सहयोगी के नशापान करने की पुष्टि हुई है.
पूछताछ में कलाम ने बताया कि वह समस्तीपुर के एक परिचित के यहां से शराब पीकर जा रहा था. सिटी एसपी ने कहा कि शराबबंदी में जनप्रतिनिधि के शराब पीकर हंगामा करने से समाज में गलत संदेश जाता है. दोनों पर स्पीडी ट्रायल चलाया जायेगा.
