ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के साथ मंत्री ने की बैठक
दरभंगा : ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य के बच्चों का बेहतर भविष्य बनाने के लिए सकारात्मक एवं रचनात्मक प्रयास करने की जरुरत है. हर व्यक्ति अपने जीवन में कुछ अच्छा बनना चाहता है, जिससे अपने घर, परिवार, समाज में उसका मान, प्रतिष्ठा में वृद्धि हो.
आर्थिक परेशानियों के वजह से अधिकांश लोग अपनी इच्छाओं को पूरी नहीं कर पाते हैं. कहा कि राज्य सरकार द्वारा आम जनता की परेशानियों को समझते हुए उनके कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है.
ग्रामीण विकास विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वह्न करनी होगी,तभी राज्य की सूरत बदलेगी. कहा कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निचले तबके के लोगों के कल्याण को ध्यान में रखकर योजनाएं बनायी गयी है. इसमें प्रधानमंत्री/इंदिरा आवास योजना, मनरेगा योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार योजना आदि महत्वपूर्ण है. मंत्री श्री कुमार समाहरणालय के सभा कक्ष में ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे.
मकान नहीं बनाने वाले लाभुकों पर की जाये कार्रवाई : मंत्री ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. प्रधानमंत्री आवास योजना/इंदिरा आवास योजना की समीक्षा में पाया गया कि अधिकांश लाभार्थियों द्वारा प्रथम किश्त की राशि प्राप्त कर लेने के बाद भी आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है.
मंत्री ने कहा है कि डिफॉल्टर लाभार्थियों को मकान निर्माण कराने में अगर कोई वास्तविक समस्या आ रही है, तो उन समस्याओं के निराकरण में उनको लॉजिस्टिक सपोर्ट प्रदान किया जाना चाहिए. बावजूद आवास का निर्माण नहीं करते हैं, तो नोटिस निर्गत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए.
मंत्री ने कहा है कि प्रखंडों में मनरेगा भवन, आंगनबाड़ी केंद्र भवन, राजीव गांधी सेवा केंद्र, सद्भावना मंडल, खेल मैदान आदि का निर्माण कराया जा रहा है. योजनाओं के क्रियान्वयन में जमीन की समस्या आ रही है. कहा है कि अंचलों में योजनाओं के लिए पूर्व में ही जमीन चिह्नित एवं मापी करा कर सुरक्षित कर लेनी चाहिए.
इससे योजनाओं का कार्य तुरंत प्रारंभ करने में आसानी होगी. डीएम डॉ त्यागराजन एसएम ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तेजी एवं गुणवत्तापूर्ण हो, इसके लिए अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रारंभ से ही पूरा ध्यान देने की आवश्यकता है. डीडीसी डॉ कारी प्रसाद महतो योजनाओं की कार्य प्रगति का ब्याेरा प्रस्तुत किया.
