दरभंगा : लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज बाजार स्थित जय श्री गणेश ज्वेलर्स के मालिक संजय कुमार लोहिया के आवास पर अपराधियों ने दिनदहाड़े डाका डाला. गृहस्वामी की पत्नी के हाथ-पैर बांध भारी मात्रा में सोना-चांदी एवं नकद लूट कर फरार हो गये. इसमें 10 लाख के जेवरात व डेढ़ लाख रुपये नकद लूट लिये. घटना बुधवार की सुबह 7.30 बजे की है.
घटना की सूचना मिलते ही लहेरियासराय थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व मामले की छानबीन की. वहीं, एसएसपी बाबूराम ने भी घटनास्थल पर का जायजा लिया व पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली. घटना के बाद शहर में प्रशासनिक चौकसी बढ़ा दी गयी है.शहर में जगह-जगह नाकेबंदी कर बाइक सवारों को जांच शुरू कर दी गयी है.
गृह स्वामिनी प्रेमा लोहिया ने बताया कि वह मकान की पहली मंजिल पर रहती हैं. प्रत्येक दिन की तरह सुबह नीचे का दरवाजा खोलकर ऊपर कमरे में पति संजय कुमार लोहिया व पुत्री अनन्या लोहिया के साथ बैठकर चाय पी रही थीं. इसी दौरान 20 से 25 वर्ष उम्र के पांच से छह युवक घर में घुस गये. इसमें से दो अपराधियों ने अपना चेहरा ढंक रखा था. शेष चार अपराधियों के चेहरे खुले थे. घर में घुसते ही लुटेरे प्रेमा लोहिया को बंधक बनाकर अलमीरा की चाबी मांगने लगे.
इनकार करने पर अपराधियों ने रिवॉल्वर की बट से उनके सिर पर वार कर घायल कर दिया. इसके बाद भी जब चाबी देने से मना कर दिया, तो बगल में बैठी बेटी को उठाकर ले जाने की धमकी देने लगे. इसके बाद डर से प्रेमा व उनके पति संजय ने चाबी दे दी. अपराधियों ने घर के सारे सामान को बिखेर कर बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवर एवं अलमीरा से डेढ़ लाख रुपए लेकर फरार हो गये. जाते वक्त अपराधियों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया.
जल्द पकड़े जायेंगे अपराधी
मालूम हो कि जय श्री गणेश ज्वेलर्स संचालक सोना-चांदी गिरवी रखने का काम करते हैं. बताया जाता है कि छह से सात किलो सोने-चांदी के जेवर थे. इसका मूल्य करीब 10 लाख रुपए आंका जा रहा है. इधर, मौके पर पहुंचे एसएसपी बाबू राम ने सभी बिंदुओं को ध्यान में रख तहकीकात की. परिवार के तीनों सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ कर जानकारी ली. उन्होंने कहा है कि जल्द ही अपराधियों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी.
