धेरूख में पूजा-अर्चना में जुट गये श्रद्धालु
तालाब उड़ाही के दौरान मंदिर परिसर में रखी मिट्टी के ढेर से निकली प्रतिमा
बेनीपुर : नगर परिषद क्षेत्र के धेरुख गांव में मिट्टी के ढेर से एक काले रंग की प्रतिमा मिलने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव के ही वैद पोखर की उड़ाही के दौरान विगत करीब एक माह पहले निम्बार्क आश्रम स्थित राधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण में मिट्टी गिरायी गयी थी.
शनिवार को इस मिट्टी के ढेर को एक शिष्य समतल कर रहा था. इसी क्रम में ढेर के नीचे से काले रंग का पत्थर निकला. जब उसको धोया गया तो वह प्रतिमा भगवान की निकला. इसकी जानकारी गांव में फैलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर के महंथ राम ललित दास ने कहा कि यह मूर्ति भगवान विष्णु की है.
इसे मंदिर पर रख पूजा-अर्चना शुरू कर दी गयी है. गांव के लोग भी पूजन करने लगे हैं. इस दौरान कई लोग इस प्रतिमा को मां दुर्गा की प्रतिमा बता रहे हैं. विदित हो कि इससे पहले बेलौन महिनाम में भी मिट्टी खुदाई के दौरान कई भगवान की मूर्ति मिल थी.
