जाले में छह माह से जली पड़ी है 11 केवी केबल, हजारों उपभोक्ताओं को नहीं मिल रही बिजली

Darbhanga News: दरभंगा के जाले प्रखंड में छह माह से जली 11 केवी अंडरग्राउंड केबल नहीं बदले जाने से हजारों उपभोक्ता बिजली संकट झेल रहे हैं. ग्रामीणों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

दरभंगा से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट

Darbhanga News: दरभंगा के जाले प्रखंड में छह माह से जली 11 केवी अंडरग्राउंड केबल के कारण हजारों उपभोक्ता भीषण बिजली संकट झेल रहे हैं. लगातार हो रही बिजली कटौती से भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक केबल की मरम्मत या बदलाव नहीं कराया गया है.

ये भी पढ़ें: बिहार सरकार अब युवाओं को देगी 6 हजार रुपये, इंटर्नशिप करने का मिला सुनहरा मौका

छह माह से बंद है मुख्य बिजली लाइन

जानकारी के अनुसार, खेसर पावर सब स्टेशन से निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए अदानी लॉजिस्टिक के समीप बिछाई गई 11 केवी अंडरग्राउंड केबल छह माह से अधिक समय से जली हुई है.

ग्रामीणों का कहना है कि विभाग ने अब तक न तो केबल की मरम्मत कराई और न ही नई केबल बिछाई. फिलहाल जोगियारा फीडर के जरिए संबंधित गांवों को बिजली दी जा रही है.

अतिरिक्त लोड से बढ़ी ट्रिपिंग की समस्या

जोगियारा फीडर पर अतिरिक्त लोड पड़ने के कारण बार-बार ट्रिपिंग हो रही है. इससे जोगियारा, मजरा, सहसपुर, घोघराहा और गररी गांव के हजारों उपभोक्ताओं को घंटों बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है.

इसका असर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों, दुकानदारों और विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है.

सनहपुर पावर सब स्टेशन की स्थिति भी खराब

ग्रामीणों के अनुसार, सनहपुर पावर सब स्टेशन की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है.

बताया गया कि 28 जून की रात करीब आठ बजे से सोमवार सुबह नौ बजे तक बिजली पूरी तरह बाधित रही. इसके बाद भी 10 से 20 मिनट की आपूर्ति के बाद बिजली बार-बार कटती रही.

सोमवार दोपहर बारिश शुरू होने के बाद बिजली फिर पूरी तरह बंद हो गई. शाम साढ़े चार बजे और पौने पांच बजे केवल दो-दो मिनट के लिए बिजली आई, फिर आपूर्ति ठप हो गई. समाचार भेजे जाने तक बिजली बहाल नहीं हो सकी थी.

महिलाओं और किसानों की बढ़ी परेशानी

रतनपुर की शोभा ठाकुर, शांति देवी, बनारसी देवी, उषा देवी, शिव कुमारी देवी और कुसुम देवी ने बताया कि लगातार बिजली नहीं रहने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है.

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से बिजली विभाग नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने में लापरवाही बरत रहा है.

पंचायत बैठक में भी उठा था मुद्दा

रतनपुर पंचायत की मुखिया सरिता देवी ने बताया कि पंचायत समिति की बैठक में भी सदस्यों ने खराब बिजली व्यवस्था को लेकर संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) से सवाल पूछा था.

उन्होंने कहा कि शिकायत के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, बल्कि स्थिति और खराब हो गई है.

आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जली हुई 11 केवी केबल को तत्काल बदलकर खेसर पावर सब स्टेशन से नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है.

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

ये भी पढ़ें: 1600 घरों की रोटियों से मिल रहा गौ माताओं को सहारा, पटना में मिसाल बनी रोटी बैंक सेवा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >