बेखौफ अपराधियों ने नालंदा में सुबह डाला डाका, रोजगार सेवक के घर से 15 लाख की लूट

अपराधी अब दिन के उजाले में ही ऐसे वारदातों को अंजाम देने में भी परहेज नहीं कर रहे हैं. गुरुवार की सुबह दीपनगर थाना क्षेत्र के अयोध्या नगर मोहल्ले में रोजगार सेवक के घर में घुसे बदमाशों ने नकद समेत करीब 15 लाख के गहने लूटकर फरार हो गये.

नालंदा. बिहार में साल के अंतिम सप्ताह में अपराध का ग्राफ अचानक बढ़ गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में भी अपराधी बेखौफ हो गये हैं. अब डकैती और लूट जैसे वारदातों के लिए भी रात का इंतजार नहीं करते. दिन के उजाले में ही ऐसे वारदातों को अंजाम देने में भी परहेज नहीं कर रहे हैं. गुरुवार की सुबह दीपनगर थाना क्षेत्र के अयोध्या नगर मोहल्ले में रोजगार सेवक के घर में घुसे बदमाशों ने नकद समेत करीब 15 लाख के गहने लूटकर फरार हो गए.

15 लाख की संपत्ति लूट

बताया जा रहा है कि सिलाव की रोजगार सेवक रंजू देवी के घर में सुबह दूध देने के बहाने 6 की संख्या में अपराधी हथियार से लैस होकर पहुंचे और उसके बाद मारपीट कर घर के सदस्यों को बंधक बना लिया. घर में मौजूद लोगों को बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने घर में जमकर लूटपाट की और घर में रखे कैश समेत करीब 15 लाख की संपत्ति लूटकर फरार हो गए. सुबह सवेरे हुई इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत पैदा हो गयी है.

पूरे मामले की जांच की जा रही है

परिवार के सदस्यों ने बताया कि बदमाश सुबह 7 बजे घर में दाखिल हुए थे और करीब 8:45 तक लूटपाट की घटना को घटना को अंजाम दिया और इसके बाद आसानी से भाग निकले. बता दें कि रंजू देवी रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत हैं, वहीं उनका बेटा किसी बैंक का मैनेजर के पद पर कार्यरत है. उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर डीएसपी शिबली नोमानी और दीपनगर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >