Coronavirus in Bihar : एम्स में कोरोना से दो और लोगों की मौत, पटना में आये 257 नये केस

जिले में अब तक 367 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है. वहीं जिले में कुल एक्टिव केसों की संख्या 1946 है.

फुलवारीशरीफ. पटना एम्स में बुधवार को दो लोगों की मौत कोरोना से हो गयी. वहीं नये मरीजो में 15 मरीजों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली है.

एम्स कोरोना नोडल आॅफिसर डॉ संजीव कुमार के मुताबिक पटना एम्स में पत्रकार नगर के 75 वर्षीय संत कुमार और पटना के 19 वर्षीय आमिर इकबाल की मौत हो गयी.

वहीं बुधवार को एम्स के आइसोलेशन वार्ड में 15 नये मरीजों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी. इनमें पटना, बेगूसराय, भोजपुर, वैशाली, सहरसा, बक्सर, पूर्वी चंपारण, बांका के मरीज शामिल हैं. इसके अलावा एम्स में 15 लोगों ने कोरोना को मात दी.

इन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया. वहीं, पीएमसीएच में बुधवार को हुई जांच में 29 नये पॉजिटिव मरीज सामने आये हैं. यहां आरटीपीसीआर विधि से 1148 सैंपलों की जांच की गयी.

इसमें 19 पॉजिटिव पाये गये. इनमें 13 पीएमसीएच के मरीज और छह सुपौल से आये सैंपल थे. यहां रैपिड एंटीजन किट से 102 सैंपलों की जांच की गयी. इसमें 10 पॉजिटिव पाये गये. यहां कोविड वार्ड में बुधवार शाम तक 30 मरीज भर्ती थे. इनमें से 10 यहां की आइसीयू में भर्ती थे.

इधर, पटना में कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है. जिले में बुधवार को 257 नये केस सामने आये हैं. इन नये केसों के बाद जिले में अब तक मिले कुल संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 47158 हो गयी है.

वहीं दूसरी ओर जिले में पूर्व में सामने आये मरीज तेजी से ठीक भी हुए हैं. जिले के 44,845 मरीज कोरोना से लड़ कर ठीक हो चुके हैं.

रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब तक 367 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है. वहीं जिले में कुल एक्टिव केसों की संख्या 1946 है.

Posted by Ashish Jha

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >