Coronavirus in Bihar, Lockdown Updates : कोरोना से कैमूर में सब इंस्पेक्टर की मौत, मधेपुरा से तबादले के बाद 6 जुलाई को आये थे

Coronavirus in Bihar, Lockdown Live Updates : बिहार में 1625 नये कोरोना पॉजिटिव मिले हैं. बुधवार को 717 और मंगलवार को 908 नये संक्रमित मिले. इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 31691 तक पहुंच गयी है. वहीं, खुशी की बात यह है कि आरटीपी जीएन किट से भी अब 24 घंटे में कोरोना जांच की रिपोर्ट आ जायेगी. मालूम हो कि पिछले 24 घंटे में 1083 संक्रमित स्वस्थ हुए. अब तक 20959 यानी 66.14% कोरोना पॉजिटिव ठीक होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 212 की मौत हो चुकी है.

Live Updates
8:35 PM. 24 Jul 20 8:35 PM. 24 Jul

कोरोना से कैमूर में सब इंस्पेक्टर की मौत

भभुआ थाने में पदस्थापित 58 वर्षीय सब इंस्पेक्टर की शुक्रवार को कोरोना से मौत हो गयी. वह मोहनिया के डड़वा के रहनेवाले थे. पिछले छह जुलाई को मधेपुरा से तबादला होने के बाद उन्होंने भभुआ थाने में योगदान दिया था. 18 जुलाई को जब उनकी तबीयत बिगड़ी, तो भभुआ थाने के इंस्पेक्टर रामानंद मंडल द्वारा कोरोना का टेस्ट कराने एवं घर के लिए छुट्टी दे दी गयी थी. उसके बाद से वह अपने गांव डड़वा में रह कर मोहनिया में इलाज करा रहे थे. 19 जुलाई को ट्रूनेट से जांच के लिए उन्होंने सदर अस्पताल में अपना सैंपल दिया था. वहीं, 23 जुलाई को उन्होंने मोहनिया में एंटीजन किट से जांच करायी, तो रिपोर्ट पॉजिटिव आयी. इस बीच वे सर्दी, खांसी, बुखार की समस्या से जूझ रहे थे और स्थानीय स्तर पर अपना इलाज करा रहे थे. शुक्रवार की सुबह अचानक उन्हें सांस में तकलीफ की समस्या शुरू हुई. इससे पहले गुरुवार की शाम को उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी. तबीयत बिगड़ने पर आनन-फानन में परिवार के लोगों द्वारा मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल को फोन कर सूचना दी गयी. दोपहर में उन्हें अस्पताल की एंबुलेंस से डड़वा से भभुआ लाया जा रहा था. इसी दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. सिविल सर्जन डॉ अरुण कुमार तिवारी ने सब इंस्पेक्टर की कोरोना से मौत की पुष्टि की है.

7:26 PM. 24 Jul 20 7:26 PM. 24 Jul

पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव के आप्त सचिव प्रभाकर कुमार मिश्र एम्स में भर्ती

राज्य के पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव के आप्त सचिव प्रभाकर कुमार मिश्र को शुक्रवार को सांस लेने में दिक्कत होने पर एम्स में भर्ती किया गया है. वे पिछले 10 दिनों से होम कोरंटिन थे. होम कोरंटिन रहने के दौरान वे मोबाइल के जरिये पटना सिटी के लोगों के सेवा कार्य में जुटे थे. उनके स्वास्थ्य में सुधार है.

7:26 PM. 24 Jul 20 7:26 PM. 24 Jul

सुपौल के कोरोना पॉजिटिव चिकित्सक की इलाज के दौरान मौत

सुपौल जिले के कोरोना संक्रमित एक चिकित्सक डॉ महेंद्र चौधरी की शुक्रवार की सुबह पटना में इलाज के दौरान मौत हो गयी. जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 25 निवासी डॉ चौधरी फिलवक्त अरवल जिला में पदस्थापित थे. जांच के दौरान गत 17 जुलाई को जांच के बाद उनके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी. इसके बाद 18 जुलाई को वे इलाज के लिए पटना चले गये थे, जहां उनका इलाज एम्स में चल रहा था. शुक्रवार की सुबह उनकी मौत हो गयी.

2:42 PM. 24 Jul 20 2:42 PM. 24 Jul

पीएमसीएच पहुंचे मंगल पांडेय, नर्सों ने किया हंगामा

पटना : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय शुक्रवार को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. स्वास्थ्य मंत्री के अस्पताल आने की सूचना के बाद नर्सों ने मांगों को लेकर हंगामा शुरु कर दिया. हंगामा की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल नर्सों से बात की. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने नर्सों की समस्याओं और उनकी मांगों को सुनने के बाद उसके निराकरण का आश्वासन दिया है.

2:42 PM. 24 Jul 20 2:42 PM. 24 Jul

संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 33511

पटना : ताजा आंकड़ों के अनुसार बिहार में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 33511 हो गयी है. 23 जुलाई को ही अकेले 737 नये मामले सामने आये हैं. इससे पूर्व 22 जुलाई को 1083 मामले सामने आये थे.

2:42 PM. 24 Jul 20 2:42 PM. 24 Jul

डीएम ने किया 4 रैपिड एंटीजन टेस्टिंग मोबाइल वैन रवाना

गया के जिलाधिकारी द्वारा समाहरणालय परिसर से 4 रैपिड एंटीजन टेस्टिंग मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. सभी मोबाइल वैन के माध्यम से कंटेंनमेंट जोन के मरीजों/सिम्प्टोमेटिक व्यक्ति के सैंपल जांच रैपिड एंटीजन कीट के द्वारा की जाएगी.

2:42 PM. 24 Jul 20 2:42 PM. 24 Jul

डीएम ने किया कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी ने कॉविड केयर सेंटर का निरीक्षण किया है. इस दौरान उन्होंने मरीजों से बात की. एक डॉक्टर होने के नाते डीएम ने मरीजों को कई सलाह भी दिये. उन्होंने कहा कि खाने-पीने, साफ-सफाई, चिकित्सकों की सेवा और दवाई की उपलब्धता संतोषजनक है.

2:42 PM. 24 Jul 20 2:42 PM. 24 Jul

डीएम उतरे सड़क पर

मोतिहारी : लॉकडाउन के दौरान रोको टोको अभियान के तहत जिलाधिकारी एंव पुलिस अधिक्षक खुद सड़क पर उतरे हैं. दोनों अधिकारियों ने बिना हेलमेट, बिना मास्क एवम बिना लाइसेंस चलनेवाले लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई की. साथ ही बेवजह चल रहे लोगों को #Covid_19 से बचने के लिए समझया.

2:42 PM. 24 Jul 20 2:42 PM. 24 Jul

पिछले 24 घंटों में एम्स में हुई तीन मौत, 30 नये मामले आये

फुलवारीशरीफ : पटना एम्स में गुरुवार को तीन लोगों की मौत कोरोना से हो गयी. वहीं नये मरीजों में 30 की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली है. उधर भागलपुर की कमिश्नर को पटना एम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है. एम्स कोरोना नोडल आफिसर डॉ संजीव कुमार के मुताबिक पटना एम्स में पटना के पत्रकार नगर के 59 वर्षीय, मुजफरपुर के 85 वर्षीय जबकि रोहतास के 55 वर्षीय एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गयी है. इनमें पटना के 17 व्यक्ति, सारण, वैशाली, कटिहार, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, दरभंगा, औरंगाबाद, सारण के मरीज शामिल हैं. एम्स में 31 लोगों ने कोरोना को मात दे दी. इन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया.

2:42 PM. 24 Jul 20 2:42 PM. 24 Jul

एनएमसीएच 24 और मरीज किये गये भर्ती

एनएमसीएच में गुरुवार को संक्रमित 24 और मरीजों को भर्ती किया गया है. इस तरह 171 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है. प्राचार्य डॉ हीरा लाल महतो ने बताया कि 137 मरीजों की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है. अब तक अस्पताल में 3872 मरीज को भर्ती कर इलाज किया गया है. वहीं 3026 डिस्चार्ज में कोरोना संक्रमित 921 मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं.

2:42 PM. 24 Jul 20 2:42 PM. 24 Jul

पीएमसीएच के तीन डॉक्टर निकले कोरोना पॉजिटिव

पटना : पीएमसीएच के तीन डॉक्टर गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं. इसमें आर्थो और मेडिसिन के डॉक्टर शामिल हैं. इसके साथ ही माइक्रोबायोलॉजी विभाग का एक कर्मी और पैथोजॉजी विभाग का एक कर्मी भी पॉजिटिव आया है. माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अब तक करीब दो दर्जन डॉक्टर, वैज्ञानिक और कर्मी पॉजिटिव आ चुके हैं.

2:42 PM. 24 Jul 20 2:42 PM. 24 Jul

पटना के ज्ञान भवन में बना 100 बेडों का डेडिकेटेड कोविड सेंटर

पटना : स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को विभिन्न अस्पतालों में 1100 बेडों की अतिरिक्त व्यवस्था की गयी है. इनमें पटना के ज्ञान भवन में 100 बेडों का डेडिकेटेड कोविड सेंटर बनाया गया है. पटना सिटी के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में 100 अतिरिक्त बेड कोरोना इलाज के लिए निकाले गये हैं. मधेपुरा के जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल काॅलेज अस्पताल में 400 अतिरिक्त बेडों का प्रबंध किया गया है. यहां 100 बेड पहले से कोरोना इलाज के लिए अधिकृत हैं.

2:42 PM. 24 Jul 20 2:42 PM. 24 Jul

बढ़ेंगे कोविड स्पेशल 5000 बेड

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर राज्य में कोरोना से मुकाबले के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल से लेकर जिला कोविड डेडिकेटेड अस्पतालों में पांच हजार बेड बढ़ाये जायेंगे. सभी डीएम को निजी अस्पतालों में भी बेड बढ़ाने की पहल करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही निजी अस्पतालों में कोरोना के इलाज की दरें प्रमंडलीय आयुक्त या स्वास्थ्य विभाग को तय करने को कहा गया है.

8:12 AM. 24 Jul 20 8:12 AM. 24 Jul

पटना में 306 और मिले कोरोना संक्रमित

पटना में गुरुवार को कोरोना के 306 नये केस मिले. इनमें अधिकतर दानापुर, पटना सिटी, बाढ़, कंकड़बाग, जानीपुर, राजेंद्र नगर, गोला रोड, राजीव नगर के हैं. इसके साथ ही पटना में पाॅजिटिवों की संख्या 4,728 हो गयी है. वहीं, स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ कर 2944 हो गयी है. वहीं, अब तक 39 की मौत हो चुकी है.

मुख्य बातें

Coronavirus in Bihar, Lockdown Live Updates : बिहार में 1625 नये कोरोना पॉजिटिव मिले हैं. बुधवार को 717 और मंगलवार को 908 नये संक्रमित मिले. इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 31691 तक पहुंच गयी है. वहीं, खुशी की बात यह है कि आरटीपी जीएन किट से भी अब 24 घंटे में कोरोना जांच की रिपोर्ट आ जायेगी. मालूम हो कि पिछले 24 घंटे में 1083 संक्रमित स्वस्थ हुए. अब तक 20959 यानी 66.14% कोरोना पॉजिटिव ठीक होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 212 की मौत हो चुकी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >