Samrat Chaudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज (गुरुवार) ताबड़तोड़ बैठकें करेंगे. सीएम पद की शपथ लेने के बाद से वह लगातार एक्शन मोड में हैं. कई कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं. इसके अलावा अधिकारियों को कई आदेश भी जारी कर रहे हैं. ऐसे में आज होने वाली बैठकें कई मायनों में खास मानी जा रही है.
मॉनसून और संभावित बाढ़ को लेकर समीक्षा बैठक
बिहार में मॉनसून और संभावित बाढ़ को लेकर राज्य सरकार अभी से सतर्क है. सीएम सम्राट चौधरी ने 11:30 बजे बड़ी बैठक बुलाई है. यह बैठक मुख्यमंत्री सचिवालय में होगी. इस दौरान संभावित बाढ़ को लेकर क्या तैयारी है, इसकी समीक्षा होगी. साथ ही जल संसाधन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को तैयारियों के बारे में जानकारी दी जाएगी.
साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे. इस समीक्षा बैठक में मौसम विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया है. स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है कि बाढ़ के दौरान आपदा की स्थिति की तैयारियों को लेकर यह बैठक खास हो सकती है. इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अधिकारियों को कई दिशा निर्देश देंगे.
श्रावणी मेला को लेकर होगी बैठक
गुरुवार को श्रावणी मेला को लेकर भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बड़ी बैठक करेंगे. बैठक में कई जिले के जिलाधिकारी, एसपी, डीआईजी के साथ-साथ बड़े अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मौजूद रहेंगे. इस दौरान श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा होगी. अधिकारियों की ओर से मुख्यमंत्री को प्रेजेंटेशन दिखाया जाएगा और अभी तक की तैयारियों के बारे में जानकारी दी जाएगी.
जानकारी के मुताबिक, बैठक में बिहार के डीजीपी के साथ-साथ मुख्य सचिव मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री सचिवालय में यह बैठक बुलाई गई है, जहां से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों से सीधे बातचीत करेंगे और श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर निर्देश देंगे.
पुलिसकर्मियों के आश्रितों को बीमा राशि वितरण
आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पुलिसकर्मियों के आश्रितों को बीमा राशि का वितरण भी करेंगे. जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शाम 4 बजे कार्यक्रम में भाग लेंगे. कार्यक्रम में बिहार के DGP के साथ-साथ पुलिस मुख्यालय के कई बड़े अधिकारी मौजूद रहेंगे.
Also Read: बिहार के 5 जिलों में रेड अलर्ट, 45 पार पहुंचेगा तापमान, इन जगहों पर आंधी-बारिश की चेतावनी
