सुरदा खदान व मुसाबनी प्लांट का मामला
कंपनी ने दो जून को बताया अंतिम कार्य दिवस
सीएम, सांसद, खान मंत्रालय व अन्य को भेजी नोटिस की प्रतिलिपि
वर्ष 2007 में आस्ट्रेलिया की कंपनी को मिला था कंपनी चलाने का ठेका
मुसाबनी : इंडिया रिसोर्स लिमिटेड (आइआरएल) ने सुरदा खदान और मुसाबनी प्लांट के संचालन से हाथ खींच लिया है. आइआरएल के चेयरमैन डेविड ह्यूमन ने दो जून को इस संबंध में नोटिस जारी कर संचालन में असमर्थता जतायी. नोटिस की प्रतिलिपि सीएम, सांसद, खान मंत्रालय, डीसी, एसएसपी, निदेशक खान, एसडीओ, एएलसी, बीडीओ, सीओ को भेजी गयी है.
गौरतलब है कि 2007 में सुरदा खदान व मुसाबनी कांस्ट्रेटर प्लांट के संचालन का ग्लोबल ठेका लेने वाली कंपनी मोनार्क गोल्ड ने ऑस्ट्रेलिया की सब-कॉन्ट्रैक्टर आइआरएल को संचालन की जिम्मेवारी दी थी.
आइआरएल के चेयरमैन ने नोटिस में कहा कि आइआरएल ने सभी कॉन्ट्रैक्ट 30 मार्च से 31 दिसंबर 2017 तक (नौ माह) इन शर्तों के साथ बढ़ाये थे कि एचसीएल बढ़ी हुई मजदूरी की क्षतिपूर्ति में सहयोग करेगी. लेकिन एचसीएल से सहयोग नहीं मिला, इस कारण सभी कॉन्ट्रैक्ट समाप्त कर दिये गये. एचसीएल बढ़ी हुई मजदूरी देने में असफल है. एचसीएल से सहयोग के सभी प्रयास भी विफल हो गये.
इसे देखते हुए आइआरएल के निदेशक मंडल ने सब कांट्रैक्ट एग्रीमेंट (वर्क ऑर्डर संख्या एचसीएल/एचओ/जीएम/ (एशएंडएस) सुरदा, दिनांक 14 अप्रैल 07 तथा विस्तारित सब एचसीएल/एचओ/, एमएंडसी, आइसीसी/सुरदा/आइआरएल/2017/03 दिनांक 31 मार्च 17 जो एचसीएल के साथ हुआ था) दो जून की रात्रि पाली से समाप्त हो गया.
इसी तरह सभी कर्मचारियों, अधिकारियों, स्टाफ का कॉन्ट्रैक्ट स्वत: दो जून सी शिफ्ट से निरस्त हो गया है. दो जून सी शिफ्ट सुरदा खदान का आखिरी परिचालन दिन होगा. डेविड ह्यूमन ने नोटिस में सुरदा खदान व प्लांट के इंचार्ज को निर्देश दिया है कि वे 24 घंटे में साइट को एचसीएल माइंस मैनेजर एजेंट को हस्तांतरित कर दें.
मुख्यालय के आदेश पर आगे होगा निर्णय
आइआरएल के चेयरमैन डेविड ह्यूमन ने नोटिस में कहा है कि जल्द ही ऑस्ट्रेलिया स्थित आइआरएल मुख्यालय से दिशा-निर्देश जारी किया जायेगा, ताकि सरकार, कर्मचारी, आपूर्तिकर्ता, बैंक के बकाये का भुगतान कर समाधान किया जा सके. कंपनी सभी बकायेदारों, कर्मचारियों, वैधानिक संस्थाओं, आपूर्तिकर्ताओं के बकाया भुगतान करेगी. नोटिस में डेविड ने सभी को लंबे समय तक महत्वपूर्ण सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है.
वैकल्पिक व्यवस्था होगी : सिंह
आइसीसी के यूनिट हेड संजय सिंह ने आइआरएल के काम बंद करने की घोषणा के बाद कहा कि एचसीएल जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है. आइआरएल से खदान और प्लांट हैंडओवर लेने के बाद सुरदा खदान को चालू करने की व्यवस्था की जायेगी. उन्होंने मजदूरों से धैर्य बनाये रखने की अपील की है. श्री सिंह ने कहा कि आइआरएल कंपनी मैदान छोड़ कर भागी है. एचसीएल पर भरोसा रखें. स्थिति जल्द सामान्य होगी. मजदूरों के बकाये का नियमानुसार भुगतान होगा.
