मोतिहारी में 600 सीट का बनेगा प्रेक्षागृह
सभी प्रखंडों में भी एक-एक प्रेक्षागृह की घोषणा
दो दिवसीय मोतिहारी महोत्सव का हुआ समापन
मोतिहारी : शहर में शीघ्र ही एक बड़ा प्रेक्षागृह बनेगा, जिसमें एक साथ 600 लोग बैठ सकेंगे. साथ ही सभी प्रखंडों में एक-एक प्रेक्षागृह का निर्माण कराया जायेगा. ये बातें बिहार सरकार के कला संस्कृति एवं युवा मंत्री शिवचंद्र राम ने रविवार को जिला स्कूल के खेल के मैदान में आयोजित मोतिहारी महोत्सव के दूसरे दिन कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद कहीं.
उन्होंने कहा कि यह गांधी की कर्म भूमि है. यहां के कलाकार काफी ऊर्जावान हैं. इन कलाकारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का काम करूंगा. साथ ही मोतिहारी महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम में शामिल कराने का प्रयास किया जायेगा. मंत्री श्री राम के संबोधन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का दौर शुरू हुआ.
कार्यक्रम के आरंभ में संस्कृति पब्लिक स्कूल अरेराज बालहा मोड़ की छात्रा अनुप्रिया के गीत से हुआ. नन्ही बच्ची द्वारा प्रस्तुत किया गया गीत इतना प्रभावी था कि मंत्री स्वयं मंच पर जाकर उसे पुरस्कृत किये. मुंबई से आये गजल सम्राट चंदन दास ने जब अपने गजल गये तो महोत्सव में उपस्थित लोगों ने तालियां बजा कर उनका स्वागत किया. उन्होंने अपने गजल ”ना जी भर के देखा, न कुछ बात की, बड़ी आरजू थी मुलाकात की, पीया नहीं जब गांव में, आग लगे उस गांव में”से लोगों का भरपुर मनोरंजन किया. वहीं मोतिहारी की बेटी रूपाली श्रीवास्तव, अभिनव आकर्ष आदि की प्रस्तुति पर दर्शक खूब झुमे.
इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन एमएलसी सतीश कुमार, राजद के वरीय नेता विनोद श्रीवास्तव, केसरिया विधायक डॉ राजेश कुमार, नरकटिया विधायक डॉ शमीम अहमद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. मंच का संचालन डॉ अरुण मिश्रा ने किया. वहीं, पहले दिन के कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अनुपम कुमार, एमएलसी बब्लू गुप्ता, मुख्य पार्षद प्रकाश अस्थाना, उप मुख्य पार्षद मोहिबुल हक आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया था.
स्वागत गान जीवन पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने प्रस्तुत किया. वहीं सुर संग्राम के विजेता आलोक कुमार आकर्षण का केन्द्र रहे. मंच संचालन कामेश्वर कुमार ओझा ने किया. मौके पर नगदाहां सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष मुन्ना गिरि, आयोजन समिति के अध्यक्ष इम्तेयाज अहमद, महासचिव कन्हैया कुमार वर्मा, डॉ ओमप्रकाश, विनय कृष्णा, डॉ कृष्ण कुमार, डॉ चंद्र सुभाष व श्रीप्रकाश चौधरी उपस्थित थे.
