मुखिया पुत्र सहित दो से हो रही पूछताछ
दोनों पर हत्या में शामिल होने का संदेह
मोतिहारी : सर! मैने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. मेरे विजय को बचा लिजिए. मै उससे बेपनाह प्यार करती हूं. उसके बिना एक पल भी नहीं रह सकती.
विजय को पाने के लिए ही पति को रास्ते से हटाया. अगरवा मुहल्ला के शिक्षक गंगा मिश्रा हत्या कांड में पुलिस ने पूरे साक्ष्य के साथ जब उसकी पत्नी गुडि़या को बेनकाब किया तो वह अपने प्रेमी विजय के लिए रहम की भीख मांगने लगी. उसने कहा कि विजय बेकसूर है. पति को रास्ते से हटाने के लिए मैने ही उसको उसकाया था.
नगर इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि गुडि़या को गिरफ्तार कर लिया गया है.
विजय की गिरफ्तारी के लिए गायत्री नगर मुहल्ला स्थित उसके किराया के मकान पर छापेमारी की गयी. वह फरार मिला, लेकिन उस मकान से शिक्षक हत्या कांड से जुड़े कई राज हाथ लगे है. शिक्षक को बेहोश करने में इस्तेमाल नशा की दवा व विजय का कपड़ा बरामद हुआ है. वह मकान पकड़ीदयाल के थरबिटिया पंचायत के मुखिया छेदी सिंह का है.
छेदी सिंह के पुत्र राणा सिंह व उसके दोस्त प्रसांत मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने राणा व प्रसांत पर हत्या की साजिश रचने में शामिल होने का संदेह है. दोनों को संबंध में बारीकी से पड़ताल की जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि राणा पर प्रतिबंधित दवा रखने व हत्यारोपी को प्रश्रय देने के आरोप मेें अलग से प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
होमगार्ड का बेटा है विजय
विजय ढाका के बड़हरवा लखनशेन गांव का रहने वाला है. उसके पिता बच्चा ठाकुर होमगार्ड के जवान है. वह फिलहाल पटना में पोस्टेड है. हिरासत में लिये गये राणा ने पुलिस को बताया है कि उसके मकान में विजय एक साल पहले से रह रहा था. राणा के लिए खाना बनाने से लेकर कपड़ा धोने तक का काम करता था. इसके एवज में विजय से राणा मकान का भाड़ा नहीं लेता था. यहां बताते चलें कि गुप्ता गैस गोदाम पर फायरिंग में राणा जेल जा चुका है.
