रक्सौल : नेपाल के संविधान में अपने अधिकार के लिए जारी मधेशी आंदोलन के क्रम में शनिवार को वीरगंज घंटाघर चौक व रौतहट जिला स्थित गौर बाजार के कबीर चौक पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई है.
घंटाघर चौक पर प्रदर्शन के दौरान बाइक से लोग तेल निकाल रहे थे, इसी बीच पुलिस ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गयी. इसके बाद पुलिस ने दो प्रदर्शनकारियों तेजीलाल साह व अमीत जायसवाल को हिरासत में लेते हुए पुलिस वैन में बैठा कर जिला पुलिस कार्यालय ले गयी. इसके बाद गाड़ी से आंदोलनकारियों को उतारने के बाद हिरासत में लिये गये अमीत जायसवाल को पिटना शुरू कर दिया. जिसके कारण अमीत जायसवाल का सर फट गया. जैसे ही इसकी खबर बाहर आयी एक प्रदर्शनकारी का पुलिस ने सिर फोड़ दिया है.
इसके बाद लोग और भी उग्र हो और घंटाघर चौक से लेकर पूरे वीरगंज में स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. इस पूरे प्रकरण पर मोर्चा के प्रवक्ता सलाउदिन अहमद ने बताया कि पुलिस के द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों को बेवजह निशाना बनाकर आंदोलन को प्रभावित करने का काम किया जा रहा है.
इधर इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पर्सा एसपी राजा बाबू श्रेष्ठ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. दोषियों पर कार्रवाई होगी. इधर मोर्चा के नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे मानवाधिकार का हनन बताया है.
इधर गौर बाजार के कबीर चौक पर प्रदर्शन कर रहे मोर्चा के कार्यकर्ताओं से हस्क्षेप के बाद पुलिस के साथ झड़प हुई. जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग व आठ राउंड आंसू गैंस के गोले छोड़े और बल का प्रयोग किया.
कुल मिलाकर मधेश आंदोलन के 128 वें दिन मधेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन जारी रहा और कई जगहों पर स्थिति तनावपूर्ण देखी गयी.
