मोतिहारी : मुजफ्फरपुर चक्कर मैदान में आयोजित नमो की परिवर्तन रैली में जिले से भारी भीड़ जुटेगी. पूर्वी चंपारण, बेतिया व शिवहर संसदीय क्षेत्र से जुड़े इस जिले के हजारों-हजार की संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे. तीनों संसदीय क्षेत्र के 12 विधान सभा से तकरीबन 80 हजार कार्यकर्ता एवं नेतागण भाग लेंगे. इधर रैली की सफलता के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंकी है.
रैली की निगरानी स्थानीय सांसद सह केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह कर रहे हैं.
रैली में जाने के लिए पार्टी स्तर पर पुख्ता इंतजाम किया गया है. प्रत्येक बूथ स्तर पर कार्यकत्र्ताओं के जाने के लिए वाहन का इंतजाम की गयी है. भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील मणि तिवारी ने बताया कि 12 विस के 2776 बूथ पर एक-एक छोटी वाहन एवं 150 बस की व्यवस्था की गयी है. वही इसके अलावे विधान सभा वार सांसद, विधायक एवं विस प्रभारी के स्तर से भी कार्यकर्ताओं के जाने के लिए छोटी-बड़ी करीब एक हजार वाहन एवं चार से पांच हजार बाइक से जाने का इंतजाम किया गया है. उम्मीद जतायी जा रही है कि तकरीबन 55 से 60 हजार कार्यकर्ता को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से वाहनों से रैली में जाने की तैयारी हुई है. इसके अलावे रेल मार्ग से भी कार्यकर्ताओं का भारी संख्या में कार्यकर्ता रैली में पहुंचेंगे.
विधानसभा स्तर पर तीन से चार सौ के बीच कार्यकर्ताओं का जत्था रैली के लिए बाइक से कूच करेगा. जानकारी देते हुए मिडिया प्रभारी राजा ठाकुर ने बताया कि पार्टी के विधायक प्रमोद कुमार, डा अजय सिंह, रामचंद्र सहनी,कृष्णनंदन पासवान, सचिंद्र सिंह,पवन जायसवाल के नेतृत्व में भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं नेता रैली में भाग लेंगे. विस प्रभारी राणा रंधीर सिंह, श्यामबाबू यादव, अखिलेश सिंह, विरेंद्र कुशवाहा, सुभाष कुशवाहा के साथ ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शिरकत करेंगे.
इसको लेकर विस स्तर पर कार्यकर्ताओं के जाने के लिए उनके द्वारा भी वाहन आदि की व्यवस्था की गयी है. उन्होनें बताया कि जिले से रैली में जानेवाले कार्यकर्ताओं के ठहराव के लिए मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक एवं गोबर सही चौक पर व्यवस्था की गयी है. यहां कार्यकर्ताओं के लिए अल्पाहार एवं पेयजल का इंतजाम रहेगा.
