धोखाधड़ी : गलत रिजल्ट दिखाकर बाप ने ग्रामीणों से ऐंठे रुपये, मामला दर्ज
मोतिहारी : एक पिता ने गांव वालों से यह कह कर लाखों रुपये ठग लिये कि उसका बेटा आइएएस की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुका है, उसे प्रशिक्षण के लिए भेजना है़ यह मामला पीपराकोठी के महमदा गांव का है़.
इस साजिश का खुलासा तब हुआ, जब ठगी के शिकार बथना पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अरुण कुमार पांडेय ने 2013 के आइएएस का रिजल्ट इंटरनेट से निकाला़ इसके बाद गांव का उत्साही माहौल का माखौल बन गया़फर्जी आइएएस के पिता सुरेंद्र कुमार सिंह पटना लोदीपुर स्थित अगिAशमन कार्यालय में चालक है़.
वह एक सोची-समझी साजिश के तहत गांव आया और लोगों से कहने लगा कि उसका बेटा आइएएस की परीक्षा पास कर चुका है़ उसने आइएएस के रिजल्ट की छायाप्रति दिखा कर समाचार पत्रों में प्रकाशित भी कराया़ उसके बाद बेटे को प्रशिक्षण के लिए भेजने के नाम पर पैक्स अध्यक्ष श्री पांडेय से दो लाख रुपये कर्ज लिया. षड्यंत्र का खुलासा होने पर श्री पांडेय कर्ज वापस मांगने गये तो उन्हें केस में फंसाने व फर्जी आइएस पुत्र से पैरवी करा जेल भेजवाने की धमकी दी़.
इस घटना के बाद पैक्स अध्यक्ष श्री पांडेय ने सुरेंद्र सिंह व उसके फर्जी आइएएस पुत्र अंकित कुमार सिंह पर जालसाजी व धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए न्यायालय में परिवाद दायर किया है़ एएसपी प्रमोद कुमार मंडल ने बताया कि न्यायालय में आदेश पर पिता व पुत्र के खिलाफ पीपराकोठी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है़ मामले की जांच की जा रही है
कैसे रची साजिश
अंकित आइएएस की तैयारी करता है़ वर्ष 2013 में उसने आइएएस की परीक्षा दी़ इंटरनेट से रिजल्ट निकाला़ रिजल्ट के क्रम संख्या 530 व रौल नंबर 3432 पर अंकित कुमार सिंह उत्तीर्ण दिखाया गया, जो हरियाणा के रहने वाले एक अनुसूचित जाति के युवक था़ उसके रिजल्ट की छायाप्रति निकाल कर सुरेंद्र सिंह ने गांव में दिखा पैक्स अध्यक्ष से दो लाख रुपये ठग लिये. सूत्र बताते हैं कि बेटे को आइएएस बता कर उसने कई लोगों को चूना लगाया है़
