मोतिहारी/घोड़ासहन : अपराधियों ने ढाका प्रखंड कार्यालय से घर लौट रहे पंचायत सचिव रामनारायण प्रसाद पर कातिलाना हमला कर उनकी पैशन प्रो बाइक लूट ली. घटना बुधवार देर शाम घोडासहन बलान चौक के पास की है.
एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने पीछा कर बलान चौक के पास उन्हें घेर लिया, उसके बाद बेल्ट से उनकी पिटाई कर सिर फोड़ दिया. उन्होंने बाइक की चाबी देने से इनकार किया तो अपराधियों ने गोली मारने की धमकी दी. श्री प्रसाद ने डर कर बाइक की चाबी अपराधियों को दे दी.
अपराधी बाइक लेकर पश्चिमी दिशा की तरफ फरार हो गये. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन की. पुलिस इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. वहीं घायल पंचायत सचिव को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भरती कराया गया है. वह घोड़सहन थाना अंतर्गत कोरैया समनपुर गांव के रहने वाले हैं.
प्रतिदिन की तरह श्री प्रसाद सरकारी कार्यो का निबटारा कर पैशन प्रो बाइक नंबर बीआर22/8464 से घर लौट रहे थे. उनके बाइक की डिक्की में घरेलू समान के अलावे सरकारी कागजात भी था. थानाध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही है.
