ढेकहा फकीरा टोला के किसान मोहरलाल की हत्या का मामला
पत्नी ने छह लोगों पर दर्ज करायी प्राथमिकी, एक गिरफ्तार
मोतिहारी : मुफस्सिल के ढेकहा फकीरा टोला के किसान मोहरलाल प्रसाद की गला रेत हत्या करने वाले अपराधियों ने उसकी बाइक, मोबाइल व पॉकेट से 70 हजार रुपये निकाल लिया. पुलिस अबतक उसकी बाइक नहीं ढूंढ पायी है. थानाध्यक्ष मनीष कुमार का कहना है कि किसान के मोबाइल का सीडीआर निकाला जा रहा है. बहुत जल्द घटना का खुलासा कर लिया जायेगा. कहा कि किसान की पत्नी शोभा देवी के बयान पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
इसमें गांव के ही सुभाष प्रसाद, संजय प्रसाद, वीरबहादुर प्रसाद, ढेकहा महुआवा के अनूप साह, सुकदेव प्रसाद व कन्हैया प्रसाद को आरोपित किया है. आरोपी सुभाष प्रसाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी सुभाष को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. शोभा देवी ने बताया कि उसके पति मोहरलाल भाभी के दाह संस्कार से मंगलवार शाम चार बजे घर आये. स्नान कर दरवाजे पर बैठे थे. इसी दौरान आरोपितों ने दरवाजे पर पहुंच उनसे बातचीत की. पति के कहने पर चारों को पीने के लिए पानी लाकर दी.
उसके बाद मोहरलाल यह कहकर घर से बाइक लेकर निकले की सुकदेव व कन्हैया ने बुलाया है. उनसे मिलने जा रहे हैं. देर रात तक नहीं आने पर शोभा ने उसके मोबाइल पर फोन किया. उसका मोबाइल स्विच ऑफ था. उसने परिजनों से सारी बातें बतायी. परिजन उसकी खोजबीन कर ही रहे थे कि बुधवार सुबह में उसका शव नदी किनारे से बरामद हुआ. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है.
