दादीजी को दूध से चरणाभिषेक कर दूसरे दिन के कार्यक्रम
का किया शुभारंभ
मोतिहारी : शहर के हिंदी बाजार स्थित राणीसती मंदिर में दूसरे दिन शनिवार को दादीजी को दूध से चरणाभिषेक कर मंगल महोत्सव का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर कोलकाता से पहुंचे गायक महेंद्र झुनझुनवाला ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. जैसे ही उन्होंने धन घड़ी धन्य भाग्य हमारा, दादीजी म्हारे आंगन पधारा गीत की प्रस्तुति से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा. इस क्रम में उन्होंने नाचो गाओ खुशियां मनाओ,
झुमो रे सब आज की दादी आयी है से लेकर अन्य भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी. इस बीच मंगल पाठ के माध्यम से महिला मंडल व दादी परिवार के सदस्यों ने दादीजी के कृतित्व पर विस्तृत प्रकाश डाल कर श्रद्धालुओं को उनके पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया. बताते चले कि राणीसती मंदिर प्रबंध समिति की ओर से श्रावणी सिंघारा के उपलक्ष्य में आयोजित इस 13 दिवसीय महोत्सव 26 जुलाई तक चलेगा. इस दौरान चरणाभिषेक, जवा पुष्प अभिषेक, गजरा उत्सव, चुनरी उत्सव, मंगल पाठ कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. समिति के विष्णु नोपानी ने बताया कि महोत्सव के क्रम में आयोजित छप्पन भोग का कार्यक्रम 20 व 26 जुलाई को होगा. मौके पर शिवकुमार अग्रवाल, पवन केजरीवाल, बनवारी तीवरेवाल, मनीष बजोरिया, सुनील गोदारिया, महेश अग्रवाल, रजत अग्रवाल सहित काफी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद थे.
