कैश लूटने के प्रयास में दवा व्यवसायी को मारी थी गोली

मोतिहारी : आजाद नगर चौक पर अपराधियों ने रविवार रात कैश लूटने के प्रयास में दवा व्यवसायी राजीव रंजन को गोली मारी थी. व्यवसायी बलुआ सब्जी बाजार स्थित अपनी राज ड्रग नामक दवा दुकान बंद कर घर जा रहे थे. इसी दौरान अपराधियों ने ओवरटेक कर व्यवसायी की बाइक रोकी, उसके बाद पिस्टल का भय […]

मोतिहारी : आजाद नगर चौक पर अपराधियों ने रविवार रात कैश लूटने के प्रयास में दवा व्यवसायी राजीव रंजन को गोली मारी थी. व्यवसायी बलुआ सब्जी बाजार स्थित अपनी राज ड्रग नामक दवा दुकान बंद कर घर जा रहे थे. इसी दौरान अपराधियों ने ओवरटेक कर व्यवसायी की बाइक रोकी, उसके बाद पिस्टल का भय दिखा कैश से भरा बैग छीनने का प्रयास किया. व्यवसायी ने विरोध किया तो अपराधियों ने उसके पैर में गोली मार दी. संयोग था उसी समय एक चार चक्का गाड़ी मोहल्ले की तरफ मुड़ी.

गाड़ी आते देख बाइक सवार अपराधी फरार हो गये. घटना के बाद हरकत में आयी नगर पुलिस ने शहर के नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू की. इस दौरान बलुआ गोलंबर के पास गोलीकांड में शामिल शातिर अभिषेकमणी त्रिपाठी और अनिकेत कुमार पकड़े गये. उनके पास से एक कारतूस, चोरी की हीरो स्पलेंडर बाइक व एक मोबाइल बरामद हुई है.

पुलिस ने दोनों से सख्ती के साथ पूछताछ की तो गोलीकांड का परत दर परत खुलासा होते चला गया. नगर इंस्पेक्टर आनंद कुमार ने बताया कि अभिषेक पश्चिमी गोपालपुर मोहल्ले का रहनेवाला है, जबकि अनिकेत मुंगेर जिला के कासिम बाजार थाना अंतर्गत नौलक्खा हवाई अड्डा का है. वह वर्तमान में छतौनी छोटाबरियारपुर में रहता है. पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल सुमित व नवनीत के नाम का खुलासा किया है.

नगर थाने में दो पर प्राथमिकी
नगर थाना में घटना को लेकर दो प्राथमिकी दर्ज हुई है. गोलीकांड लेकर दवा व्यवसायी राजीव रंजन के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है.
सेंट्रल जेल से है तार : मोतिहारी. दवा व्यवसायी राजीव रंजन गोलीकांड में सेंट्रल जेल मोतिहारी में बंद शातिर बिट्टू मिश्रा के भूमिका भी सामने आयी है. पुलिस ने अनुसार, गिरफ्तार अपराधी अभिषेकमणी त्रिपाठी ने पूछताछ में बताया है कि बिट्टू ने उसके पास फोन कर सुमित व नवनीत से मिल उनके अनुसार काम करने को कहा था. इंस्पेक्टर आनंद ने कहा कि बिट्टू को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी.
शातिर अभिषेक बाइक चोरी में जा चुका है जेल : अभिषेक शातिर बाइक चोर है. बाइक चोरी के आरोप में रिमांड होम मोतिहारी में बंद था. पिछले मई महीना में जमानत पर छूटा था. जमानत पर छूटने के बाद पैसा कमाने के लिए अपना एक अलग गिरोह बनाया, उसके बाद दवा व्यवसायी की रेकी कर कैश लूटने की प्लानिंग की. वह तीन दिनों से राज ड्रग के पास खड़ा होकर रेकी कर रहा था.उसने पुलिस को बताया है कि दुकान में भीड़ देख करीब ढाई लाख के सेल का अनुमान लगा लूट की प्लानिंग की थी.
अपराधियों पर कार्रवाई की मांग : मोतिहारी. दवा व्यवसायी पर हमला के बाद दवा व्यवसायियों में आक्रोश है. विगत महीनों में व्यवसायियों पर हमला, गोलीबारी एवं अापराधिक घटनाओं में हुई वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने सहित कई मांगों का एक ज्ञापन बलुआ व्यवसायी संघ ने एसपी को सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से संघ ने दवा व्यवसायी पर हमले में शामिल अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गयी. संघ के डाॅ लालबाबू प्रसाद, महेश चंद्र सिंह, विजय कुमार, दिनेश कुमार आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >