Bihar Government Decision: ‘केंद्र और राज्य का डबल इंजन सहयोग बिहार को चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.’ यह बात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कही. उन्होंने केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण सह ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हाई लेवल मीटिंग की. बैठक में राज्य के किसानों की समृद्धि, ग्रामीण बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर तेजी से लागू करने को लेकर कई निर्णय लिए गए.
बैठक में लिए गए 6 खास फैसले
- राज्य में ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाली महत्वाकांक्षी VB G RAM G योजना 1 जुलाई से पूरी तरह लागू कर दी जाएगी.
- मनरेगा की सभी लंबित राशि का भुगतान केंद्र सरकार के सहयोग से 30 जून से पहले सुनिश्चित कर दिया जाएगा.
- कृषि क्षेत्र में नवाचार और उत्पादकता बढ़ाने के लिए राज्य में विशेष रूप से प्याज, टमाटर, आम आदि कृषि उत्पाद के लिए ‘आदर्श केंद्रों’ की स्थापना की जाएगी.
- बिहार के किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए राज्य के फलों को अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ा जाएगा.
- बिहार कृषि रोड मैप को अपनाने वाला देश का पहला राज्य रहा है. इसी गौरव को आगे बढ़ाते हुए अब एकीकृत खेती पर विशेष जोर दिया जाएगा और बिहार को इसके लिए एक मॉडल राज्य के रूप में विकसित किया जाएगा.
- जीविका दीदी को लखपति दीदी बनाने की योजना पर बिहार सरकार तेजी से काम कर रही है. जीविका दीदी को लखपति दीदी बनाने के अभियान में बिहार पूरे देश में नंबर 1 स्थान पर है.
60 लाख गरीब परिवारों को मिलेगा घर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, 2.0 के तहत हम लोगों ने बिहार में 1 करोड़ 4 लाख लोगों को चिन्हित किया, जिसमें 60 लाख लोग योग्य पाए गए हैं. हमारा आग्रह है कि 60 लाख गरीब परिवारों को जल्द से जल्द पक्का घर मिल जाए. प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत राज्य में आवास निर्माण की प्रक्रिया तेज की जाएगी, जिसके अंतर्गत नए फाइनेंशियल ईयर में पहला मकान बिहार को मिलना तय हुआ है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार की आजीविका योजना के तहत जीविका दीदी को लखपति दीदी बनाने की योजना पर बिहार सरकार तेजी से काम कर रही है. जीविका दीदी को लखपति दीदी बनाने के अभियान में बिहार पूरे देश में नंबर 1 स्थान पर है. इस तरह से शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक के दौरान बिहार को लेकर कई फैसले लिए गए.
