Buxar Farakka Express Delay : बक्सर जिले के चौसा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया. प्लेटफॉर्म नंबर एक की अप लाइन पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित हो गया.
मृतक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के सिकरौल गांव निवासी वंशनरायन राम के 27 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार के रूप में हुई है. जैसे ही हादसे की खबर फैली, स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा करते नजर आए.
ट्रैक पर काफी देर तक शव पड़े रहने के कारण फरक्का एक्सप्रेस को चौसा स्टेशन के पास ही करीब आधे घंटे तक रोकना पड़ा. इससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्टेशन मास्टर ने तत्काल इसकी सूचना जीआरपी को दी. इसके बाद शव हटाए जाने के बाद ही ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया और रेल परिचालन फिर से सामान्य हो सका.
Buxar News : दो घंटे बाद पहुंची जीआरपी, शुरू हुई कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बावजूद जीआरपी को मौके पर पहुंचने में करीब दो घंटे का समय लग गया. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसकी पहचान कराई. जीआरपी प्रभारी मणिकांत पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है.
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया. हादसा कैसे हुआ, इसको लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
परिजनों ने बताई मानसिक स्थिति
मृतक के परिजनों के अनुसार सतीश कुमार मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था. बताया जा रहा है कि उसकी हालत को लेकर परिवार पहले से ही चिंतित था. ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे उसकी मानसिक स्थिति भी एक कारण हो सकती है.
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी.
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी.
