बक्सर में महिला चौपाल का आयोजन, कृषि वैज्ञानिकों ने महिला किसानों को सिखाई आधुनिक खेती की तकनीकें

वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय ने डुमरांव के कुल्हड़िया गांव में विशेष महिला चौपाल का आयोजन किया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था.

Women Farmers Chaupal Dumraon : बक्सर जिले के डुमरांव स्थित वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय के तत्वावधान में कुल्हड़िया गांव में शनिवार को विशेष महिला चौपाल का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था. चौपाल में 30 महिला किसानों ने भाग लिया और खेती से जुड़ी समस्याओं पर विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया.

Buxar News : महिला वैज्ञानिकों ने संभाली कार्यक्रम की कमान

इस विशेष चौपाल का संचालन महाविद्यालय की महिला वैज्ञानिकों ने किया. आयोजनकर्ता टीम में श्रीमती स्वीटी कुमारी, डॉ. सुदीपा कुमारी झा, डॉ. कुमारी नंदिता, डॉ. गरिमा सिंह, डॉ. अंजलि कुमारी और डॉ. सुमनलता शामिल रहीं. वैज्ञानिकों ने महिला किसानों की समस्याओं को सुनकर वैज्ञानिक और व्यावहारिक समाधान बताए.

धान की खेती और फसल सुरक्षा पर दिया प्रशिक्षण

चौपाल में खरीफ मौसम को ध्यान में रखते हुए धान की वैज्ञानिक रोपाई, उर्वरकों के संतुलित उपयोग और फसल प्रबंधन की जानकारी दी गई. साथ ही धान एवं अन्य फसलों में लगने वाले प्रमुख कीटों और बीमारियों की पहचान तथा उनके नियंत्रण के उपायों से भी महिला किसानों को अवगत कराया गया.

पशुपालन और बागवानी से आय बढ़ाने के दिए सुझाव

कृषि वैज्ञानिकों ने पशुपालन की आधुनिक तकनीकों, दुधारू पशुओं के पोषण, रखरखाव और मौसमी बीमारियों से बचाव पर विस्तार से जानकारी दी. इसके अलावा फल एवं सब्जियों की उन्नत खेती के जरिए कम लागत में अधिक उत्पादन और अतिरिक्त आय के उपाय भी बताए गए.

महिला किसानों ने रखीं अपनी समस्याएं

संवाद सत्र के दौरान महिला किसानों ने खेती से जुड़ी अपनी व्यावहारिक समस्याएं और चुनौतियां खुलकर साझा कीं. विशेषज्ञों ने मौके पर ही उनके सवालों का समाधान किया. महिलाओं ने कहा कि इस तरह की चौपाल से नई कृषि तकनीकों की जानकारी मिलती है और खेती में होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी.

महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल

कार्यक्रम में मीना देवी, संगीता यादव, मोनिका देवी, अदिति सिंह सहित दर्जनों महिला किसान मौजूद रहीं. वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय की यह पहल कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinit Dumroan

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >