अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से बक्सर में युवक की मौत, 3 साल की बच्ची बाल-बाल बची

बक्सर जिले के राजपुर में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की जान चली गई। गनीमत रही कि उसके साथ मौजूद 3 साल की बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Buxar Road Accident : बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. बसही गांव निवासी दामोदर शर्मा की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद तीन साल की मासूम बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई. इस घटना के बाद परिवार ही नहीं, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

बताया जा रहा है कि दामोदर शर्मा शनिवार सुबह करीब 9 बजे अपने गांव से किसी जरूरी काम के लिए परसथुआ जा रहे थे. इसी दौरान जब वे कोचस थाना क्षेत्र के गंगवलिया वन के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दामोदर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. मृतक की पहचान उसके पास मिले कागजातों के आधार पर की गई और परिजनों को सूचना दी गई.

Buxar News : घर पहुंची खबर तो मचा कोहराम

जैसे ही दामोदर की मौत की खबर उनके गांव गीता नगर बसही पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई. घर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया. गांव में भी इस घटना के बाद सन्नाटा पसर गया है. हर किसी की आंखें नम हैं और लोग इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

समाजसेवी कृष्णकांत चौहान ने बताया कि दामोदर के पिता का निधन पहले ही हो चुका था. परिवार की पूरी जिम्मेदारी दामोदर के कंधों पर थी. वे वेल्डिंग का काम कर अपने घर का खर्च चलाते थे. चार साल पहले ही उनकी शादी कथराई गांव की आरती देवी से हुई थी. अभी परिवार संभल ही रहा था कि इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया.

दामोदर परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है. पत्नी आरती देवी अपनी तीन साल की बेटी को सीने से लगाकर बेसुध पड़ी हैं, जबकि बूढ़ी मां धनराजो कुंवर अपने बेटे को खोने के गम में बार-बार बेहोश हो रही हैं.

जनप्रतिनिधियों ने जताया दुख

घटना की जानकारी मिलते ही अकबरपुर के मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह और समाजसेवी राकेश सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया. इस दौरान गांव के कई लोग भी मौजूद रहे.

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kamal pankaj

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >