वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर गंगा पुल के समीप चेकिंग में पकड़ी गई 2.5 लाख की शराब, कार में छिपाकर ले जा रहा था

बक्सर के वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर उत्पाद पुलिस ने हरियाणा नंबर की कार से 2.5 लाख रुपये की विदेशी शराब जब्त की है। दो अंतर जिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

Buxar News : उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले शहर के गंगा पुल स्थित वीर कुंवर सिंह (वीकेएस) चेकपोस्ट पर उत्पाद पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने हरियाणा नंबर की लग्जरी होंडा अमेज कार से महंगे ब्रांड की विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की. कार में शराब को छिपाकर ले जाया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अंतरजिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया और कार को जब्त कर लिया.

कार की तलाशी में मिली 258 बोतल शराब

चेकपोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान संदिग्ध होंडा अमेज कार को रोककर तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखी गयी कुल 258 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. बरामद शराब की कुल मात्रा 193.500 लीटर बतायी गयी है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है.

रॉयल स्टैग और ब्लेंडर्स प्राइड समेत कई ब्रांड बरामद

बरामद शराब में रॉयल स्टैग व्हिस्की की 192 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की की 36 बोतल और मैजिक मोमेंट्स की 30 बोतल शामिल हैं. सभी बोतलें 750 एमएल की पैकिंग में थीं. पुलिस के अनुसार शराब हरियाणा निर्मित है और तस्करी के लिए कार में छिपाकर बिहार लायी जा रही थी.

सुपौल और बेगूसराय के रहने वाले हैं गिरफ्तार तस्कर

पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया. उनकी पहचान सुपौल जिले के मरिचा थाना क्षेत्र के मोहनपुर बड़हरा निवासी सकलदेव मंडल के पुत्र गणेश कुमार मंडल और बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के पिपरा देवास निवासी स्व. संजल शर्मा के पुत्र सुजीत कुमार शर्मा के रूप में हुई है.

किस जिले में पहुंचनी थी शराब, सिंडिकेट की तलाश

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश से बिहार के किस जिले में ले जायी जा रही थी और इसे किस बड़े शराब सिंडिकेट तक पहुंचाया जाना था.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओंकार नाथ मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >