Tudi Ganj Station: टुड़ीगंज स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर स्थानीय स्तर पर चल रहा प्रयास अब रेल मंत्रालय तक पहुंच गया है. बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने रेल मंत्री को पत्र भेजकर 53201/53202 बक्सर-पटना फास्ट पैसेंजर और 18183/18184 टाटानगर एक्सप्रेस का टुड़ीगंज स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की है. सांसद की पहल के बाद क्षेत्र के रेल यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है.
कई गांवों के लोगों के लिए प्रमुख आवागमन का साधन है टुड़ीगंज स्टेशन
टुड़ीगंज स्टेशन आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है. रोजाना बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक, नौकरीपेशा, व्यापारी और ग्रामीण इस स्टेशन से विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं. इसके बावजूद महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को बक्सर या डुमरांव स्टेशन का रुख करना पड़ता है. इससे उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करने के साथ समय और पैसे भी खर्च करने पड़ते हैं.
रेल यात्री कल्याण समिति ने सांसद के सामने रखी मांग
रेल यात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता कामेंद्र कुमार सिंह ने इस समस्या को लेकर सांसद सुधाकर सिंह से मुलाकात कर दोनों ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी थी. उन्होंने बताया कि टुड़ीगंज स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं, लेकिन प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का अभाव लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है.
दैनिक यात्रियों को बक्सर-पटना फास्ट पैसेंजर से मिलेगा लाभ
समिति का कहना है कि बक्सर-पटना फास्ट पैसेंजर के टुड़ीगंज स्टेशन पर ठहराव से दैनिक यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा. वहीं, टाटानगर एक्सप्रेस के ठहराव से विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा होगी.
रेल मंत्रालय के निर्णय पर टिकी यात्रियों की नजर
सांसद सुधाकर सिंह द्वारा रेल मंत्री को पत्र भेजे जाने के बाद अब यात्रियों की नजर रेल मंत्रालय के निर्णय पर टिकी है. समिति ने उम्मीद जतायी है कि यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए रेलवे जल्द दोनों ट्रेनों के टुड़ीगंज स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी देगा.
