बक्सर: टुड़ीगंज स्टेशन के विकास को लेकर धरना, 15 अगस्त तक मांगें नहीं मानी गई तो ट्रैक पर आंदोलन की चेतावनी

टुड़ीगंज रेलवे स्टेशन के समग्र विकास और यात्री सुविधाओं की मांग को लेकर रेलयात्री कल्याण समिति ने एक दिवसीय धरना आयोजित किया. दानापुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता शामिल है.

Buxar News : बक्सर जिले के टुड़ीगंज रेलवे स्टेशन के समग्र विकास और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर रविवार को रेलयात्री कल्याण समिति, शाखा टुड़ीगंज के तत्वावधान में विशाल एकदिवसीय धरना आयोजित किया गया. आंदोलनकारियों ने स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव समेत पांच प्रमुख मांगों को लेकर दानापुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के नाम ज्ञापन सौंपा और 15 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी.

राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी से आंदोलन को मिला बल

धरना की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष उमेश प्रसाद ने की, जबकि संचालन इमरान खान ने किया. कार्यक्रम में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह, केंद्रीय कमेटी के बीजेन्द्र सिंह यादव, रासबिहारी राय, कामेन्द्र सिंह और पंकज कुमार पटेल समेत विभिन्न जिलों से पहुंचे पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. सदीसोपुर, बिहटा, आरा, बक्सर, बरुना और डुमरांव से आए प्रतिनिधियों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया.

डीआरएम को सौंपा गया पांच सूत्री मांग पत्र

धरना के दौरान स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से दानापुर मंडल रेल प्रबंधक को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा गया. प्रमुख मांगों में टुड़ीगंज स्टेशन पर बक्सर-पटना सुपरफास्ट, टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस और विभूति एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित करना, पैसेंजर ट्रेनों का समय पर संचालन तथा स्टेशन पर पेयजल, शौचालय, यात्री शेड, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है.

15 अगस्त तक कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि कोरोना काल के बाद टुड़ीगंज स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद होने से स्टेशन का राजस्व काफी घट गया है और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि समिति यात्रियों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी.

रेलवे ट्रैक पर उतरने की भी दी चेतावनी

शाखा अध्यक्ष उमेश प्रसाद ने कहा कि यह धरना आंदोलन की शुरुआत मात्र है. यदि 15 अगस्त तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पहले अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा. आवश्यकता पड़ने पर रेलवे ट्रैक पर बैठकर भी आंदोलन किया जाएगा. धरना में पूर्व प्रमुख बद्री विशाल सिंह, भारत भूषण सिंह, कुमार राम अवतार, पूर्व मुखिया राजू सिंह, पूर्व मुखिया मनोज कुमार ठाकुर, सरपंच जनार्दन सिंह, पंचायत समिति सदस्य सत्येंद्र कुशवाहा, आलम हुसैन, संजय राम, लक्ष्मण प्रसाद साधु, महेंद्र प्रसाद, अभिमन्यु सिंह, ओमप्रकाश सिंह, रविकांत अतुल्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और रेलयात्री उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujeet Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >