Buxar News : स्थानीय प्रखंड के अतरौना रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में मंगलवार को विद्यार्थी सहायता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक और संस्थागत समस्याओं की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी. साथ ही अधिकारियों ने छात्रों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का भरोसा दिया.
प्राचार्य ने समझायी शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया
प्राचार्य राजीव कुमार ने विद्यार्थियों को शिविर की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज कराने और पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी समस्या से संबंधित आवश्यक विवरण उपलब्ध कराकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. शिकायतों को दर्ज करने के बाद संबंधित विभाग तक पहुंचाया जायेगा.
सीओ ने छात्रों से सीधे सुनी समस्याएं
इसके बाद अंचलाधिकारी संतोष कुमार प्रीतम ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने छात्रों को शिकायतों के उचित पंजीकरण और समाधान की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया. अधिकारियों ने विद्यार्थियों से बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं सामने रखने की अपील की.
भाषा, मैकेनिकल और ईसीएन की समस्याएं उठीं
शिविर में विद्यार्थियों ने भाषा, मैकेनिकल और ईसीएन विषयों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं. इसके अलावा लाइब्रेरी से संबंधित शिकायतें भी अधिकारियों के सामने रखी गयीं. प्राप्त शिकायतों को विधिवत पंजीकृत कर संबंधित विभागों और प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया गया.
हर माह चौथे मंगलवार को लगेगा शिविर
अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थी सहायता शिविर का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना, उनका अभिलेखीकरण करना और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है. महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं के निरंतर अनुश्रवण और समाधान के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को नियमित रूप से शिविर आयोजित किया जायेगा.
कार्यक्रम में सभी विभागाध्यक्ष, व्याख्याता और शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद रहे.
