बक्सर: राजपुर में ग्राम कचहरी सचिव के घर पर हमला, लाठी-डंडों से मारपीट और हथियार दिखाकर धमकी देने का आरोप

सिकरौल गांव में ग्राम कचहरी सचिव जितेंद्र सिंह पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Buxar News : बक्सर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र के सिकरौल गांव में ग्राम कचहरी सचिव के घर में घुसकर मारपीट करने और हथियार दिखाकर धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़ित ग्राम कचहरी सचिव जितेंद्र सिंह ने राजपुर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पंचायत के बाद बढ़ा विवाद

आवेदन के अनुसार, गांव के टुनू रजक के कहने पर सरपंच, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में एक पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें विवाद को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया था. इसके बावजूद टुनू रजक का व्यवहार नहीं बदला और वे अपनी बहू को प्रताड़ित करते रहे. बहू के पिता की शिकायत पर सचिव द्वारा उनकी पत्नी को डांटने के बाद आरोपित नाराज हो गए.

रात में घर पर बोला हमला

पीड़ित का आरोप है कि देर रात आरोपित उनके घर पहुंचे और दरवाजा पीटने लगे. दरवाजा खुलते ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया. उनके साथ आए चार अन्य लोग मुंह पर गमछा बांधे हुए थे और कथित तौर पर देशी कट्टे से लैस थे. मारपीट में सचिव घायल हो गए.

ग्रामीणों के पहुंचते ही भागे आरोपित

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित वहां से भागने लगे. ग्रामीणों ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर सभी फरार हो गए. घायल सचिव का इलाज राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया.

दोनों पक्षों पर एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी

सरपंच संघ के जिला उपाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kamal pankaj

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >