Buxar News : जीविका बक्सर की ओर से नव नियुक्त कर्मियों के लिए सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को शहर के होटल एमजी रेजीडेंसी एवं होटल तिलक में किया गया. प्रशिक्षण में डीपीसीयू बक्सर और डीपीसीयू रोहतास के कुल 71 नव नियुक्त कर्मी हिस्सा ले रहे हैं. इनमें ऑफिस असिस्टेंट (OA), अकाउंटेंट, एलएचएस और एरिया कोऑर्डिनेटर शामिल हैं.
दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परियोजना प्रबंधक (DPM) दयानिधि चौबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों के लिए प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मियों को जीविका की कार्यप्रणाली, डिजिटल प्रणालियों और विभिन्न सामुदायिक वित्तीय गतिविधियों की जानकारी मिलेगी.
डिजिटल और वित्तीय प्रक्रियाओं की दी जाएगी जानकारी
सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जीविका की विभिन्न महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं और कार्यप्रणालियों से अवगत कराया जायेगा. प्रशिक्षण के प्रमुख विषयों में लोकोस, ट्रांजेक्शन इंट्री, आईबीसीबी, कम्युनिटी फाइनांस और माइक्रो फाइनांस समेत अन्य डिजिटल एवं वित्तीय प्रक्रियाएं शामिल हैं.
प्रशिक्षण के बाद कार्यक्षेत्र में होगा बेहतर क्रियान्वयन
डीपीएम ने नव नियुक्त कर्मियों से प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय रूप से सहभागिता करने और हासिल ज्ञान का अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि व्यावहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण से कर्मियों को अपने दायित्वों को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी.
ग्रामीण समुदायों के साथ बेहतर समन्वय पर जोर
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नव नियुक्त कर्मियों के ज्ञान, कौशल और कार्यक्षमता को मजबूत करना है, ताकि वे जीविका की योजनाओं एवं गतिविधियों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन कर सकें. प्रशिक्षण के बाद कर्मियों से ग्रामीण समुदायों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जीविका के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा की गयी है.
