बक्सर. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 23 सितंबर को बक्सर जिले के एकदिवसीय दौरे पर रहेंगे. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी कर दिया है. जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री पटना से हेलीकॉप्टर द्वारा बक्सर पहुंचेंगे और धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ विकास योजनाओं का जायजा लेंगे व स्थानीय लाभुकों से संवाद करेंगे.
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
जारी प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:00 बजे पटना स्टेट हैंगर से विशेष हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और 12:20 बजे बक्सर हवाई अड्डा स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे. 12:25 बजे वे सड़क मार्ग से वामन भगवान मंदिर के लिए रवाना होंगे और 12:30 से 12:50 बजे तक मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे.
पूजा-अर्चना के बाद चुरामनपुर में समीक्षा
इसके बाद दोपहर 12:50 बजे वे चुरामनपुर स्थित पंचायत सरकार भवन के लिए प्रस्थान करेंगे. इस दौरान रास्ते में वे सोन नहर कैनाल का ऑन-रूट निरीक्षण करेंगे। दोपहर 1:00 बजे चुरामनपुर आगमन के बाद वे जीविका भवन का निरीक्षण करेंगे. यहां 'कहानी बदलाव की' के तहत स्थानीय लाभुकों से संवाद, जीविका दीदियों से मुलाकात, विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का मुआयना और सोन कैनाल प्रोजेक्ट के 3D मॉडल/पीपीटी का अवलोकन करेंगे.
अहिरौली में कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद पटना वापसी
दोपहर 1:20 बजे मुख्यमंत्री चुरामनपुर से अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय के लिए रवाना होंगे. 1:25 बजे पार्टी कार्यालय पहुंचकर वे 1:35 बजे तक स्थानीय कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से संगठनात्मक संवाद करेंगे. इसके उपरांत 1:35 बजे सरस्वती विद्या मंदिर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे और 1:40 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा पटना के लिए प्रस्थान कर जाएंगे.
12 सेक्टरों में बंटा सुरक्षा घेरा, Z+ सुरक्षा के तहत कड़े प्रबंध
मुख्यमंत्री को प्राप्त जेड प्लस (Z+) सुरक्षा श्रेणी के मद्देनजर सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध किए गए हैं. पूरे कार्यक्रम स्थल, रूट और हेलीपैड क्षेत्र को 12 सेक्टरों में विभाजित कर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. पूरे मार्ग में एंटी सबोटाज चेकिंग, सेफ हाउस, डिजिग्नेटेड अस्पताल और रूट लाइनिंग की पुख्ता व्यवस्था की गई है. सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थलों और आसपास के पूरे इलाके को 'नो फ्लाई जोन' घोषित करते हुए अनाधिकृत ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.
ये भी पढ़ें- बक्सर में विकास को लेकर नई उम्मीद, सीएम के आगमन से पहले सड़क और नहरों के मुद्दे
