बक्सर: कर्मनाशा नदी की ओर से आए जंगली सूअर ने मचाया उत्पात, महिला की मौत, 6 लोग घायल

राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव में जंगली सूअर के आतंक से हड़कंप मच गया. कर्मनाशा नदी की ओर से आए सूअर ने 70 वर्षीय रजपतिया देवी की जान ले ली और छह अन्य लोगों को घायल कर दिया. इस घटना से ग्रामीणों में गहरा भय व्याप्त है.

Wild Animal Attack: राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव में जंगली सूअर के हमले से 70 वर्षीय महिला रजपतिया देवी की मौत हो गयी. घटना मंगलवार दोपहर की है. जंगली सूअर के हमले में छह अन्य लोग भी घायल हो गये. घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है.

दरवाजे के पास काम कर रही थी महिला

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर रजपतिया देवी अपने दरवाजे के पास बैठकर कुछ काम कर रही थीं. इसी दौरान कर्मनाशा नदी घाट की ओर से भटककर एक जंगली सूअर गांव की तरफ पहुंच गया. जंगली सूअर ने अचानक कई लोगों पर हमला कर दिया. यह देखकर रजपतिया देवी भी चिल्लाने लगीं.

इसी दौरान जंगली सूअर उनके पास पहुंच गया और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गयीं. आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए पहुंचे, तो जंगली सूअर ने उन पर भी हमला कर दिया.

सुग्रीव राजभर समेत छह लोग घायल

जंगली सूअर के हमले में सुग्रीव राजभर समेत छह लोग घायल हो गये. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. वहीं, रजपतिया देवी को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया.

जंगली जानवरों के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में भय

घटना के बाद ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में कर्मनाशा नदी में पानी बढ़ जाने के कारण हर साल जंगली जीव भटककर गांव की ओर आ जाते हैं. ग्रामीणों के अनुसार, जंगली जानवरों से बचाव के लिए कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं है. इससे पहले भी जानवरों के हमले में कई लोगों की जान जा चुकी है.

मुआवजे की मांग

घटना को लेकर समाजसेवी प्रेम कुशवाहा और महातिम राम ने सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है. बताया गया कि जंगली जानवरों के हमले में व्यक्ति की मौत या घायल होने तथा पालतू पशुओं की मौत की स्थिति में वन विभाग की ओर से मुआवजा दिया जाता है.

पोस्टमार्टम कराना जरूरी

जंगली जानवर के हमले में किसी व्यक्ति या पशु की मौत होने पर मुआवजा प्राप्त करने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाना जरूरी है. ऐसे मामलों में लोगों को जागरूक होने की आवश्यकता है, ताकि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली सहायता प्राप्त हो सके.

इसे भी पढ़ें: मंत्रियों के काफिले संग थावे पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मां सिंहासनी के चरणों में टेका माथा, अधिकारियों को दिए खास निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार कमल

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >