प्रतिनिधि, राजपुर. प्रखंड में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिला खेल पदाधिकारी आलोक वत्स की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. प्रखंड सभागार में आयोजित बैठक में पंचायत स्तरीय खेल क्लबों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई.
अनुपस्थित खेल क्लब सदस्यों पर जतायी नाराजगी
बैठक से बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले खेल क्लब के सदस्यों के प्रति जिला खेल पदाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने स्पष्ट किया कि खेल विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
गांवों में खिलाड़ियों की सूची तैयार करने का सुझाव
जिला खेल पदाधिकारी ने सुझाव दिया कि हर गांव में खेल में रुचि रखने वाले खिलाड़ियों की सूची तैयार की जाये और नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाये. जहां खेल मैदान उपलब्ध हैं, वहां खेल गतिविधियां तुरंत शुरू की जायें.
समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर होगा समाधान
उन्होंने कहा कि जहां खेल गतिविधियों को लेकर समस्याएं हैं, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा. गांव का कोई भी इच्छुक खिलाड़ी संपर्क कर सकता है. उन्हें संबंधित खेल का विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा.
खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा.
खेल और खिलाड़ियों को हर संभव मदद का भरोसा
बैठक में मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि प्रशासन खेल और खिलाड़ियों को हर संभव मदद देने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन आता है.
ALSO READ : बक्सर में प्रवेश करते ही दिखेगा गौरवशाली इतिहास, गोलंबर की दीवारों पर उकेरे जाएंगे रामायण काल के प्रसंग
