बक्सर स्टेशन का बंद एल-क्रॉसिंग गेट जानें कितने दिनों के लिए खुलेगा, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी

रेलवे बोर्ड ने बक्सर स्टेशन यार्ड स्थित गेट नंबर 70-स्पेशल को छह महीने के लिए खोलने की अनुमति दी है। सुरक्षा नियमों के पालन के साथ जारी हुए आदेश।

Buxar News : बक्सर स्टेशन यार्ड में बंद पड़े एल-क्रॉसिंग गेट नंबर 70-स्पेशल क्लास (एम) को दोबारा खोलने का रास्ता साफ हो गया है. भारत सरकार के रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) ने इस समपार को अपवाद स्वरूप छह माह के लिए खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. रेलवे बोर्ड की ओर से एक सितंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, हाजीपुर को इसके लिए अनुमति दी गयी है.

बक्सर स्टेशन यार्ड में स्थित है समपार

रेलवे बोर्ड के पत्र संख्या 2017/CE-IV/LX/MISC/244 (LCS) भाग-1, दिनांक 01.09.2026 के अनुसार, एल-क्रॉसिंग गेट नंबर 70-स्पेशल क्लास (एम) पीएनबीई-डीडीयू रेलखंड पर बक्सर स्टेशन यार्ड में किलोमीटर 660/23-25 पर स्थित है. बोर्ड ने विशेष परिस्थिति को देखते हुए इसे सीमित अवधि के लिए खोलने की अनुमति दी है. यह आदेश बोर्ड के सदस्य (इंफ्रा) के अनुमोदन के बाद जारी किया गया है.

निर्धारित नियमों के तहत ही खुलेगा गेट

रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि गेट को अस्थायी रूप से खोलने के दौरान रेलवे के निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करना होगा. सीआरएस/पीसीई से संबंधित संकल्प सहित आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही समपार को चालू किया जा सकेगा. इसके अलावा आईआरपीडब्ल्यूएम और जी एंड एसआर में निर्धारित सभी सुरक्षा उपायों को लागू करना अनिवार्य होगा.

आरओबी की मरम्मत पूरी होने तक मिलेगी सुविधा

बक्सर-चौसा रोड पर बने आरओबी की सड़क की मरम्मत पूरी होने तक इस समपार को वैकल्पिक आवागमन सुविधा के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा. रेलवे बोर्ड के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आरओबी की सड़क की मरम्मत पूरी होते ही एल-क्रॉसिंग गेट को फिर से बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद इसे ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी.

आरओबी की स्थिति पर भी रेलवे की नजर

बोर्ड ने आरओबी के समय से पहले खराब होने की स्थिति में जिम्मेदारी तय करने की बात भी कही है. इसके लिए राज्य सरकार के साथ परामर्श कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा. रेलवे बोर्ड ने पूर्व मध्य रेलवे को इस संबंध में की गयी कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश भी दिया है.

स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत

एल-क्रॉसिंग गेट को छह माह के लिए दोबारा खोलने की मंजूरी से बक्सर-चौसा रोड और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. आरओबी की सड़क की मरम्मत पूरी होने तक लोगों के लिए यह वैकल्पिक मार्ग के रूप में काम करेगा. हालांकि, रेलवे ने स्पष्ट किया है कि समपार का संचालन पूरी तरह निर्धारित सुरक्षा प्रावधानों के तहत ही किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >