बक्सर रेलवे स्टेशन पर पंजाब मेल से तीन महिला शराब तस्कर गिरफ्तार, शरीर पर टेप से चिपकाकर ले जा रही थीं 32.94 लीटर अंग्रेजी शराब

बक्सर रेलवे स्टेशन पर पंजाब मेल एक्सप्रेस से तीन महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से 32 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे उन्होंने अपने शरीर पर टेप से चिपकाकर छिपाया था.

Buxar News: यात्री सुरक्षा को लेकर ट्रेनों में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान रेल पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम बक्सर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब मेल एक्सप्रेस से तीन महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके कब्जे से 32.940 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की. महिलाओं ने शराब की बोतलों को अपने शरीर पर टेप से चिपकाकर छिपा रखा था.

पंजाब मेल में जांच के दौरान हुई कार्रवाई

रेल थानाध्यक्ष मणीचंद्र पांडे ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पूर्वी छोर पर यात्री सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान डाउन लाइन की ट्रेन संख्या 13006 अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल प्लेटफॉर्म पर पहुंची. पुलिस टीम ट्रेन में चढ़कर यात्रियों की जांच कर रही थी. तभी तीन महिलाएं पुलिस को देखकर घबराकर भागने लगीं. संदेह होने पर उन्हें पकड़कर पूछताछ की गई.

तीन महिलाओं की हुई पहचान

पूछताछ में महिलाओं की पहचान कंचन देवी, पति रंजीत सहनी, ग्राम खुशरूपुर मियाटोली, सीता देवी, पति मनोज सहनी, ग्राम बासतर तथा शांति देवी, पति मोना पासी, ग्राम शालिमपुर, जिला पटना के रूप में हुई.

शरीर पर टेप से चिपकाकर छिपाई थी शराब

तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि तीनों महिलाओं ने अंग्रेजी शराब की बोतलों को अपने शरीर पर टेप से कसकर चिपका रखा था, ताकि जांच के दौरान किसी को संदेह न हो. बरामद शराब में ऑफिसर्स चॉइस, आफ्टर डार्क और 8 पीएम ब्रांड की 180 एमएल की बोतलें शामिल हैं. कुल 32.940 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई.

उत्पाद अधिनियम के तहत भेजी गईं जेल

रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों महिलाएं उत्तर प्रदेश से शराब लेकर पटना की ओर जा रही थीं. बरामदगी के बाद तीनों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

रेल मार्ग से बढ़ रही शराब तस्करी

जानकारों के अनुसार बिहार में शराब पहुंचाने के लिए तस्कर अब रेल मार्ग का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं. पिछले महीने भी कुशलपुर हॉल्ट के पास ट्रेन के जरिए शराब की बड़ी खेप ले जाने का मामला सामने आया था. उस घटना के बाद रेल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रेनों में जांच अभियान और सख्त कर दिया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujeet Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >