डुमरांव. डुमरांव विधानसभा चुनाव में हार के बाद महागठबंधन के भाकपा-माले प्रत्याशी पूर्व विधायक डॉ अजीत कुमार सिंह ने शनिवार की दोपहर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक संदेश जारी किया. उन्होंने लिखा कि भले ही चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा, लेकिन जनता ने जिस तरह से क्षेत्र के जनता ऐतिहासिक समर्थन और प्रेम का परिचय दिया, वह उनके लिए किसी बड़ी जीत से कम नहीं है. उनके द्वारा कहा गया कि उन्हें 77 हजार से अधिक मत देकर लोगों ने उन पर जो भरोसा व विश्वास जताया, वह उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और अटूट पूंजी है. पूर्व विधायक ने महागठबंधन और अपनी पार्टी के सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. साथ ही चुनाव प्रचार के दौरान दिन-रात मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं का भी विशेष धन्यवाद दिया. पूर्व विधायक ने लिखा कि हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन जनता के स्नेह और भरोसे ने उनके भीतर नई ऊर्जा का संचार किया है और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाया है. वे पहले की तरह आगे भी जनता के हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का काम करेंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की हर लड़ाई उनकी अपनी होगी और हर समस्या व चुनौती में वे लोगों की आवाज़ बनकर सड़क से लेकर सदन तक अपनी भूमिका को सक्रियता से निभाते रहेंगे. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनका रिश्ता जनता से सिर्फ चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि वे हमेशा लोगों के बीच रहकर उनकी जरूरतों और समस्याओं को प्राथमिकता देंगे. उन्होंने कहा कि डुमरांव के विकास और जनता की खुशहाली के लिए उनका समर्पण जीवनपर्यंत रहेगा. जनता के प्रेम और आशीर्वाद को अपनी वास्तविक जीत बताते हुए उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के उज्जवल भविष्य व जनता के लिए हरसंभव प्रयास करते रहेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
