Buxar News : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज की जीत के बाद बक्सर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया. भाजपा के गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में जीत दर्ज होने पर कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर मिठाइयां खिलाईं. इस दौरान पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर के नेतृत्व की सराहना की गई.
तथागत हर्षवर्धन के चुनाव प्रबंधन की हुई प्रशंसा
कार्यकर्ताओं ने बिहार प्रदेश चुनाव प्रबंधन प्रभारी एवं बक्सर के वरिष्ठ नेता तथागत हर्षवर्धन के चुनाव संचालन और संगठनात्मक रणनीति की भी सराहना की. नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बेहतर समन्वय और सुनियोजित प्रबंधन का परिणाम जीत के रूप में सामने आया है.
'सकारात्मक बदलाव को मिला जनसमर्थन'
चुनाव परिणाम के बाद तथागत हर्षवर्धन ने कहा कि बिहार में व्यवस्था परिवर्तन और सकारात्मक बदलाव के संकल्प को ऐतिहासिक जनसमर्थन मिला है. उन्होंने कहा कि यह जीत केवल किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि बिहार के जागरूक नागरिकों, समर्पित कार्यकर्ताओं और बेहतर भविष्य की आकांक्षा रखने वाले लोगों की जीत है. उन्होंने जनता के विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन सुराज का यह नया अध्याय बिहार को विकास और समृद्धि की नई दिशा देगा.
'सत्य, साहस और कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत'
जन सुराज के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्र ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत जमीनी स्तर पर दिन-रात मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है. उन्होंने इसे बिहार के नवनिर्माण के संकल्प की जीत बताते हुए सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी.
नेताओं ने मतदाताओं का जताया आभार
पार्टी नेता धनजी पांडेय, मनोज उपाध्याय, अजीत सम्राट, अभिषेक मौर्य और धनंजय पासवान ने भी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. सभी नेताओं ने कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना ही अब पार्टी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी.
