'प्रभात खबर' की खबर का बड़ा असर, बक्सर में शराब माफियाओं पर पुलिस का महाअभियान; ट्रक समेत भारी खेप जब्त

प्रभात खबर की खोजी रिपोर्ट के बाद बक्सर प्रशासन हरकत में आ गया है. जिला पुलिस और उत्पाद विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर शराब तस्करों के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है. सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है.

Buxar Liquor Smuggling Crackdown : बक्सर में शराब तस्करी के कथित 'सेफ कॉरिडोर' को लेकर प्रकाशित खोजी रिपोर्ट के बाद जिला पुलिस और उत्पाद विभाग ने संयुक्त अभियान चलाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब, बीयर, वाहन जब्त किए गए और कई आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सख्त कर दी गई है.

Buxar News : डिजिटल रिपोर्ट के बाद एक्शन मोड में आया प्रशासन

8 जुलाई को प्रकाशित खोजी रिपोर्ट में चक्की-गायघाट इलाके को शराब तस्करों के कथित 'सेफ कॉरिडोर' के रूप में इस्तेमाल किए जाने और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए गए थे. इसके बाद जिला पुलिस और उत्पाद विभाग ने संयुक्त रणनीति बनाकर पूरे जिले में विशेष अभियान शुरू किया. विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर शराब तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई की गई.

जवहीं दीयर में विदेशी शराब और बाइक के साथ दो गिरफ्तार

ब्रह्मपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जवहीं दीयर गांव में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान 43.2 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. पुलिस ने चोरी की एक बाइक भी जब्त की और दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

एनएच-922 पर कार से 120 लीटर बीयर बरामद

उत्पाद विभाग की टीम ने भोजपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान एक कार की तलाशी लेने पर उसमें बने गुप्त हिस्से से 120 लीटर बीयर बरामद की गई. अधिकारियों के अनुसार, शराब की खेप को आगे सप्लाई करने की तैयारी थी.

कृष्णब्रह्म में शराब कारोबारी गिरफ्तार

कृष्णब्रह्म थाना पुलिस ने छोटा ढकाईच गांव में छापेमारी कर शिवम प्रधान नामक आरोपित को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके पास से 10.800 लीटर '8 PM' ब्रांड की व्हिस्की सहित अन्य विदेशी शराब बरामद की. पुलिस इस गिरफ्तारी को स्थानीय नेटवर्क तक पहुंचने में अहम मान रही है.

धनसोई में ट्रक से 240 पेटी विदेशी शराब जब्त

सबसे बड़ी कार्रवाई धनसोई थाना क्षेत्र में हुई, जहां बरहुटिया गांव के पास पुलिस ने एक ट्रक को रोककर तलाशी ली. जांच के दौरान ट्रक में अन्य सामान के नीचे छिपाकर रखी गई 240 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है.

सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

पुलिस ने यूपी-बिहार सीमा, एनएच-922, बक्सर-दिनारा मार्ग और गंगा के तटीय इलाकों में गश्त बढ़ा दी है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील रूटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Santosh Kant

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >