Kaimur News: आपके अपने लोकप्रिय अखबार प्रभात खबर द्वारा शुक्रवार को भभुआ के जगजीवन स्टेडियम में आयोजित अपराजिता सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले के विभिन्न प्रखंडों की नौ प्रेरक महिलाओं को सम्मानित किया गया.
जगजीवन स्टेडियम में शुक्रवार को स्वावलंबन और सामाजिक बदलाव की राह में अपने बुलंद हौसलों के साथ आगे बढ़ रही अपराजिता महिलाओं को जैसे ही प्रभात खबर के मंच पर सम्मानित किया गया, पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
महिलाओं ने प्रभात खबर को धन्यवाद कहा
अपने बुलंद हौसलों व संघर्ष के बल पर समाज को नई दिशा देने का प्रयास कर रही नौ अपराजिताओं को प्रभात खबर की ओर से सम्मानित किया गया. सम्मान पाकर अपराजिताओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनके हौसले और बुलंद हो गए. सम्मान मिलने के बाद सभी महिलाओं ने एक स्वर में प्रभात खबर को धन्यवाद कहा.
हर वर्ष नई अपराजिताएं समाज के सामने आनी चाहिए
कार्यक्रम का उद्घाटन परिवार न्यायालय के प्रधान जज विवेक कुमार, एसपी हरिमोहन शुक्ल, भभुआ सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश तथा साइबर डीएसपी नीतू सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस मौके पर वक्ताओं ने प्रभात खबर को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए और हर वर्ष नई अपराजिताएं समाज के सामने आनी चाहिए.
सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं का सम्मान
वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं का सम्मान अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बनता है. कैमूर की वे महिलाएं, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और अपने संघर्ष व समर्पण से नई पहचान बनाई, उन्हें मंच पर तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम के दूसरे चरण में मशहूर हास्य एवं व्यंग्य कलाकार एहसान कुरैशी ने लोगों को खूब हंसाया, जबकि सुप्रसिद्ध गायिका नम्रता दास ने अपनी सुरों की मिठास से लोगों को झूमने पर विवश कर दिया. कार्यक्रम के दौरान भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, बीडीओ सतीश कुमार, नगर परिषद भभुआ के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
इन महिलाओं को प्रभात खबर ने किया सम्मानित
अपराजिता सम्मान समारोह में रामपुर की सविता देवी, चैनपुर की आरती देवी, हरिहरपुर विद्यालय की रिसीता, भगवानपुर की उषा देवी, बहुअन गांव की संगीता देवी, सदर अस्पताल की संजू कुमारी, चांद की सरिता यादव, मोहनिया की काजल सिंह और कुदरा की अनुराधा रस्तोगी को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
अपराजिता सम्मान समारोह में प्रायोजकों का भरपूर सहयोग रहा
कार्यक्रम को सफल बनाने में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय प्रतिष्ठानों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा. पूर्व चैनपुर विधानसभा प्रत्याशी सह सामाजिक कार्यकर्ता आलोक सिंह तथा जलालपुर ग्राम पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सह सामाजिक कार्यकर्ता संदीप कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह की भूमिका सराहनीय रही.
इसके अलावा डीएवी स्कूल जदुपुर, मानव भारती हेरिटेज स्कूल चांद, संजीवनी पब्लिक स्कूल मोहनिया, चिल्ड्रेन गार्डन स्कूल भभुआ, संत लॉरेंज इंग्लिश स्कूल एवं छात्रावास भभुआ और रामधारी सिंह मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज कुदरा सहित कई संस्थानों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया.
कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़
सुहाने मौसम के बीच आयोजित इस समारोह में महिलाओं, युवाओं और पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ी. कार्यक्रम के दौरान सम्मानित महिलाओं के प्रेरणादायी क्षणों को लोग अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए.
एहसान कुरैशी के हास्य व्यंग्य और नम्रता दास की सुरीली गायकी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए. देर शाम तक दर्शक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे और प्रभात खबर के इस आयोजन की जमकर सराहना की.
Also Read: एनएच-19 पर दर्दनाक हादसा, मां की आंखों के सामने सात वर्षीय बेटे ने तोड़ा दम
