Buxar News : डुमरांव की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर ‘स्वयं शक्ति संगठन’ के युवाओं का आंदोलन आखिरकार रंग लाया. कई दिनों से जारी भूख हड़ताल और बढ़ते जनदबाव के बीच प्रशासन और आंदोलनकारियों में सहमति बनी, जिसके बाद युवाओं का अनशन समाप्त कराया गया. प्रशासन की ओर से सड़क मरम्मत और निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया गया.
प्रशासन के आश्वासन पर टूटा अनशन, मिठाई खिलाकर कराया समाप्त
आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे आम आदमी पार्टी के बक्सर जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा ने डुमरांव एसडीएम से वार्ता कर आंदोलनकारियों की मांगों को जल्द पूरा कराने की अपील की. इसके बाद एसडीएम की पहल पर प्रशासन का प्रतिनिधि आंदोलन स्थल पर पहुंचा. अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को मिठाई खिलाकर अनशन समाप्त कराया और सड़क निर्माण को लेकर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया.
सड़क नहीं बनी तो विधायक की जवाबदेही पर सवाल : आप
अनशन समाप्त कराने के दौरान आप जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा ने स्थानीय विधायक पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग कर दी. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले विधायक ने जनता से वादा किया था कि विधायक बनने के एक माह के भीतर जर्जर सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा, लेकिन अब तक सड़क की स्थिति नहीं बदली है.
‘जनता को खुद सड़क पर उतरना पड़े तो जनप्रतिनिधि की जवाबदेही तय हो’
रमेश वर्मा ने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी समस्या के समाधान के लिए यदि आम जनता और युवाओं को खुद आंदोलन और भूख हड़ताल करनी पड़े, तो जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है.
आंदोलनकारियों ने कहा- अब आश्वासन को जमीन पर उतारे प्रशासन
‘स्वयं शक्ति संगठन’ के आंदोलन समाप्त होने के बाद स्थानीय लोगों ने इसे जनसंघर्ष की जीत बताया. नागरिकों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन अपने आश्वासन को जल्द अमलीजामा पहनाएगा और जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण का काम शुरू होगा. स्थानीय लोगों की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है.
