PM सूर्य घर योजना में सुस्ती पर DM सख्त, बिना वजह लोन आवेदन खारिज करने वाले बैंकों पर होगी कार्रवाई

बक्सर DM साहिला की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा बैठक हुई. बैंकों द्वारा आवेदनों की अस्वीकृति पर DM ने नाराजगी जताई और सख्त निर्देश दिए. योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के उपाय भी सुझाए गए.

Buxar News : बक्सर जिला की DM साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में मिशन प्रभाकिरण अभियान के तहत प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, बैंक ऋण स्वीकृति और क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक, एम/एस ओसवाल पम्प्स के प्रतिनिधि तथा विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक मौजूद रहे.

बिना वजह लोन आवेदन खारिज करने पर डीएम नाराज

समीक्षा के दौरान पाया गया कि विभिन्न बैंकों द्वारा ऋण आवेदनों की अस्वीकृति अपेक्षाकृत अधिक है. इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन औपचारिक कारणों के आधार पर अस्वीकार नहीं किए जाएं. उन्होंने चेतावनी दी कि बिना उचित कारण आवेदन निरस्त करने पर संबंधित बैंक और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

जनजागरूकता अभियान तेज करने का निर्देश

डीएम ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय निकायों के सहयोग से अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित किया जाए. उन्होंने बताया कि मिशन प्रभाकिरण के तहत पंचायतों और वार्डों में प्रतिदिन कैंप लगाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंच सके.

पीएम कुटीर योजना की धीमी प्रगति पर भी जताई नाराजगी

बैठक में पीएम कुटीर योजना की भी समीक्षा की गई. बताया गया कि जिले को 4,129 लाभार्थियों का लक्ष्य मिला है, लेकिन कार्यों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है. इस पर डीएम ने कार्य निष्पादित कर रही एजेंसी एम/एस ओसवाल पम्प्स को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर विभाग को प्रतिकूल प्रतिवेदन भेजकर आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.

जिले में जल्द लगेगा सोलर मेगा कैंप

डीएम साहिला ने कहा कि बक्सर जिले में शीघ्र ही सोलर मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा. इसके माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के साथ आवेदन, बैंकिंग और तकनीकी प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >