Rajpur Panchayat Meeting: राजपुर प्रखंड सभा कक्ष में बुधवार को पंचायत समिति सदस्यों की बैठक आयोजित की गयी. समय पर सदन में पहुंचे सदस्यों की सर्वसम्मति से वरिष्ठ सदस्य की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक का संचालन बीडीओ मनोज कुमार ने किया. सदन की कार्यवाही की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई.
गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
बैठक में बीडीओ मनोज कुमार ने सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी सदस्यों को दी. उन्होंने कहा कि पंचायतों के विकास के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. इन योजनाओं का लाभ प्रखंड क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है. इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने की जरूरत है.
वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करने को लेकर पंचायतों से योजनाओं की जानकारी ली गयी. सदस्यों को अपने-अपने पंचायत क्षेत्र की प्राथमिकता वाली योजनाओं को जीपीडीपी में शामिल कराने की जानकारी दी गयी. इस दौरान विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा के बाद कई योजनाओं को स्वीकृति भी प्रदान की गयी.
विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी जरूरी
अधिकारियों ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों के आधार पर योजनाओं का चयन किया जाये, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके.
बैठक में बीपीआरओ अभिषेक पाठक, मुखिया अनिल सिंह, जगलाल चौधरी, तुलसी साह, बीडीसी अलीशेर शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कर्मी मौजूद रहे.
