बक्सर: डुमरांव में ग्रामीण कार्य विभाग के कर्मियों ने मनाया काला दिवस, पुरानी पेंशन बहाली को लेकर गूंजी नारेबाजी

डुमरांव ग्रामीण कार्य विभाग में कर्मचारियों ने काला दिवस मनाकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। सरकार के खिलाफ जताया भारी आक्रोश।

Buxar News : नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (NMOPS) के देशव्यापी आह्वान पर मंगलवार को ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल डुमरांव में अधिकारियों और कर्मचारियों ने काला दिवस मनाया. इस दौरान कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की.

काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध

लंच ऑवर के दौरान विभाग के सभी पदाधिकारी और कर्मचारी कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए. कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जतायी. प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा है और इसे समाप्त करना उनके हितों के साथ अन्याय है.

राजनेताओं को पुरानी पेंशन, कर्मचारियों को अंशदायी योजना क्यों

कर्मचारियों ने कहा कि राजनेताओं को पुरानी पेंशन का लाभ मिलता है, जबकि सरकारी कर्मचारियों को अंशदायी पेंशन योजना के दायरे में रखा गया है. कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि एक ही देश में अलग-अलग व्यवस्था क्यों है. उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की.

2004 से पेंशन बहाली की लड़ाई

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण कार्य विभाग कर्मचारी संघ के महासचिव लवकुश सिंह ने कहा कि वर्ष 2004 में तत्कालीन वाजपेयी सरकार के समय कर्मचारियों की पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त की गयी थी. इसके बाद से कर्मचारी लगातार पुरानी पेंशन बहाल कराने के लिए आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब तक सरकार पुरानी पेंशन योजना बहाल नहीं करती, तब तक कर्मचारियों का संघर्ष जारी रहेगा.

संविदा और आउटसोर्स कर्मियों को भी पेंशन के दायरे में लाने की मांग

लवकुश सिंह ने कहा कि पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि कर्मचारी के बुढ़ापे का सहारा, लाठी, मान-सम्मान और प्रतिष्ठा है. उन्होंने सरकार से संविदा, मानदेय, आउटसोर्स और नियत वेतन पर कार्यरत कर्मियों को भी पेंशन के दायरे में शामिल करने की मांग की.

बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

काला दिवस कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता इंजीनियर अशोक प्रसाद सिंह, सहायक अभियंता इंजीनियर अनुराग सिंह सेंगर, श्रेयांश कुमार, इंजीनियर सुनील कुमार, सुरेंद्र कुमार, इंजीनियर प्रेमलता कुमारी, संतोष कुमार तिवारी, इंजीनियर विनोद कुमार, रणधीर कुमार, कुणाल कुमार, प्रवीण, अमीनेष राजा, कुमारी मनीषा यादव, प्रमंडलीय लेखा पदाधिकारी संजय कुमार सहित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने एकजुट होकर पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग दोहरायी.

फोटो- विरोध प्रदर्शन करते ग्रामीण कार्य विभाग के कर्मी | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशुतोष सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >