Buxar News : बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर चल रही राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को नगर परिषद डुमरांव में छठे दिन भी जारी रही. सुबह नगर परिषद के सफाईकर्मी नगरपालिका बाजार परिसर में जुटे और सभा कर आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा की.
सड़कों पर उतरे सफाईकर्मी, निकाला विरोध मार्च
सभा के बाद सफाईकर्मियों ने नगरपालिका बाजार परिसर से विरोध जुलूस निकाला. जुलूस सफाखाना रोड, हरिजी के हाता, स्टेशन रोड होते हुए नया थाना पहुंचा, जहां सभा कर सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की गई. इसके बाद जुलूस पुनः नगरपालिका बाजार परिसर लौटा, जहां आंदोलन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया.
निजीकरण और श्रम कानूनों के खिलाफ जताया विरोध
सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के नगर इकाई सचिव शिव शंकर तिवारी, जिला परिषद सदस्य एवं सीपीआई नेता केदार यादव, भाकपा माले नेता सर्वेश कुमार पाण्डेय, ओम प्रकाश यादव, कृष्णा राम, शमीम मंसूरी, संजय कुमार सिंह और सरोज राम ने कहा कि सरकार की नीतियां मजदूर विरोधी हैं. वक्ताओं ने नगर निकायों में सफाई व्यवस्था के निजीकरण और नए श्रम कानूनों का विरोध करते हुए कहा कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी.
कार्यकारी चेयरमैन को सौंपा मांगों का संदेश
हड़ताल के दौरान नगर परिषद डुमरांव के कार्यकारी चेयरमैन विकास ठाकुर तथा सशक्त स्थायी समिति के सदस्य विजय कुमार आंदोलनरत कर्मियों से मिलने पहुंचे. यूनियन नेताओं ने उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया और सरकार तक उनकी बात पहुंचाने का आग्रह किया. कार्यकारी चेयरमैन ने अपनी सीमाओं का हवाला देते हुए संबंधित स्तर तक मांगों को पहुंचाने का आश्वासन दिया.
बड़ी संख्या में कर्मचारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
आंदोलन में भाकपा माले नेता शैलेन्द्र पासवान, आरवाईए नेता बाबूलाल राम, राधेश्याम शर्मा, जाबिर कुरैशी, पूजा यादव, नासिर हसन, कृष्णा जी, मुन्नी देवी, रमिया देवी, महेंद्र राम, राजदेव डोम, रिंकू राम, विनोद राम, अशोक डोम सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी, यूनियन पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए.
