डुमरांव नगर परिषद में हड़ताली निगमकर्मी बोले-पहली सोमवारी पर सफाई न होने का दुख है, लेकिन इसके लिए सरकार जिम्मेदार

बिहार में नगर निकाय कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है, जो अब अपने पांचवें दिन में प्रवेश कर चुकी है। पहली सोमवारी पर सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मियों ने सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर नगर निकाय कर्मियों की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी नगर परिषद डुमरांव में जारी रही. प्रतिदिन की भांति कार्यक्रम की शुरुआत नगरपालिका बाजार प्रांगण में हुई. इस दौरान यूनियन नेताओं एवं सफाईकर्मियों ने डिहरी के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

बारिश के बीच निकाला विरोध मार्च

श्रद्धांजलि के बाद सफाईकर्मियों ने नगरपालिका बाजार से विरोध मार्च निकाला. मार्च शीला सिनेमा होते हुए नवनिर्मित अतिथि गृह पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई. सभा के दौरान बारिश शुरू हो गई, लेकिन सफाईकर्मी अपने आंदोलन पर डटे रहे. इसके बाद मार्च दक्षिण टोला होते हुए ठठेरी बाजार स्थित भगवती मंदिर पहुंचा, जहां दूसरी सभा का आयोजन किया गया.

सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप

महासंघ के नगर इकाई सचिव शिव शंकर तिवारी, सीपीआई के वरिष्ठ नेता एवं जिला परिषद सदस्य केदार यादव, भाकपा (माले) नेता सर्वेश कुमार पाण्डेय तथा बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के नेता ओमप्रकाश यादव ने सभा को संबोधित किया. कहा कि श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने का सबसे अधिक दुख सफाईकर्मियों को है. उन्होंने कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ रही है.

नेताओं ने कहा कि 22 जून को ही सरकार को आंदोलन का अल्टीमेटम दे दिया गया था, लेकिन समय रहते कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई. यदि सरकार उनकी मांगें स्वीकार कर ले, तो सफाईकर्मी कुछ ही घंटों में पूरे नगर की सफाई कर श्रद्धालुओं को राहत पहुंचा सकते हैं.

अधिकारियों और कर्मियों की सुरक्षा पर उठाए सवाल

वक्ताओं ने डिहरी के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार अब अपने अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी विफल साबित हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी ऐसी घटना है, जिसमें एक अधिकारी की जान गई है. नेताओं ने कहा कि जिस तरह नगर निकाय कर्मियों की सुरक्षा की अनदेखी की जा रही है, उसी प्रकार अधिकारियों की सुरक्षा भी भगवान भरोसे है.

सभा में भाकपा (माले) के नगर सचिव कृष्णा राम, भगवान पासवान, सीपीआई नेता कृष्णा जी, शोभा देवी, रिंकू राम, महेंद्र राम, छठू मुसहर, अजय, ओमप्रकाश राम सहित सैकड़ों सफाईकर्मी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujeet Kumar

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >