Buxar News: बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुलाई गई राज्यव्यापी हड़ताल गुरुवार को आठवें दिन भी नगर परिषद डुमरांव में पूरी तरह प्रभावी रही.
हड़ताली सफाईकर्मी सुबह नया भोजपुर चौक पर जमा हुए, जहां से विरोध मार्च निकाला गया. यह मार्च नया भोजपुर के विभिन्न मार्गों, सब्जी मंडी, टेक्सटाइल कॉलोनी, कड़वी ब्लॉक होते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचा.
'सरकार से लड़ाई जारी रहेगी, लेकिन त्योहारों पर मंदिरों की करेंगे सफाई'
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता सर्वेश कुमार पाण्डेय, महासंघ सचिव शिव शंकर तिवारी, जिप सदस्य केदार यादव तथा ओम प्रकाश यादव ने कहा कि सफाईकर्मियों की लड़ाई राज्य सरकार से है. सरकार के अड़ियल रवैये से हड़ताल लंबी चली तो कचरे का अंबार लग सकता है. वक्ताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं है. यदि हड़ताल जारी भी रहती है, तो आगामी त्योहारों पर नगर के मंदिरों और पूजा मार्गों की सफाई कर्मी खुद करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो.
नगर परिषद कार्यालय में दो घंटे चली वार्ता
विरोध मार्च के बाद नप कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों और मजदूर नेताओं के बीच लगभग दो घंटे तक बैठक चली.
- उपस्थित अधिकारी व प्रतिनिधि: कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे, नगर स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन, कार्यकारी सभापति विकास ठाकुर, सशक्त स्थायी समिति सदस्य छोटू विजय, आनंद कुमार व अन्य पार्षद.
- मजदूर प्रतिनिधि: सचिव शिव शंकर तिवारी, भगवान पासवान, सर्वेश कुमार पाण्डेय, ओम प्रकाश यादव और कृष्णा प्रसाद.
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने स्थानीय स्तर की मांगों को प्रभावी ढंग से लागू करने का आश्वासन दिया और हड़ताल खत्म करने की अपील की. हालांकि, श्रमिक नेताओं ने साफ कर दिया कि जब तक राज्य स्तर की तीन मुख्य मांगों पर सरकार के साथ सकारात्मक फैसला नहीं हो जाता, तब तक राज्य नेतृत्व के निर्देश पर ही हड़ताल वापस ली जाएगी.
अधिकारियों का पक्ष:
नगर स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि सफाईकर्मियों की स्थानीय मांगें मान ली गई हैं, लेकिन उन्होंने राज्य स्तरीय हड़ताल खत्म होने तक काम पर लौटने से इनकार कर दिया है. शहर में कचरा प्रबंधन और सफाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.
प्रदर्शन में माले नगर सचिव कृष्णा राम, शैलेंद्र पासवान, बाबूलाल राम, दीपक बास्फोर, संजय कुमार सिंह, मुन्नी देवी, शीला देवी सहित सैकड़ों सफाईकर्मी उपस्थित थे.
