Student recovered : राजपुर थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव से पिछले आठ सितंबर से लापता सातवीं कक्षा के छात्र को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. इस मामले में छात्र को बहला-फुसलाकर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में ले जाकर बंधक बनाने के आरोप में पुलिस ने गांव के ही अजीत उर्फ बिगाड़ू युवक को हिरासत में लिया है. छात्र के गायब होने के बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तो पता चला कि वह अंतिम बार गांव के ही अजीत उर्फ बिगाड़ू के साथ भलुहां बाजार जाते देखा गया था.
शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपित से की पूछताछ
इसके बाद छात्र के परिजन लक्ष्मण सिंह ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच टीम गांव भेजी और संदेही बिगाड़ू को हिरासत में लेकर 24 घंटे की कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा.सख्त चेतावनी से एक अज्ञात व्यक्ति ने बालक को धनसोई इंदौर टार के पास छोड़ गया. बालक बुधवार को किसी तरह वापस अपने गांव पहुंचा.
आरोपित ने कहा-घोड़ा चराने के काम में लगा दिया था
थाने में पूछताछ के दौरान पीड़ित छात्र ने बताया कि बिगाड़ू ने उसे पैसों का लालच देकर उत्तर प्रदेश के बलिया भेज दिया था. जहां उसे एक अस्तबल में रखकर घोड़े चराने के काम में लगा दिया गया था.थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. जहां से अनुमति मिलने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा. ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी युवक पूर्व में भी ऐसी घटना को अंजाम दे चुका है.
